Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

जन्मदिन विशेष : ‘किंग ऑफ रोमांस’ कभी थे ‘बेस्ट विलेन ऑफ बॉलीवुड’, जानिए फिल्मी सफर का दिलचस्प किस्सा

नई दिल्ली: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान आज अपना 53वां बर्थडे सेलीब्रेट कर रहे हैं। इस खास मौके पर हम आपको शाहरुख से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताने जा रहे हैं जिसेे जानकर आप आश्चर्यचकित रह जाएंगे। दरअसल, आज अगर शाहरूख के फिल्मी करियर की ओर देखें तो उनकी छवि एक रोमांटिक हीरो की तरह उभरकर सामने आती है। इसलिए उन्हें ‘किंग ऑफ रोमांस’ भी कहा जाता है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि शाहरुख करियर के शुरुआती दौर में बॉलीवुड में बतौर खलनायक पहचान मिली। यही नही उन्हें नकारात्मक भूमिका दर्शकों को भी खूब पसंद आई और उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड से भी नवाजा गया। तो आईए जानते हैं किंग खान की इससे जुड़ी कुछ खास बातें…

2 नवंबर 1965 को दिल्ली में जन्में शाहरुख खान ने अपना करियर टीवी सीरियल से शुरू किया था। साल 1988 में उन्होंने दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले टीवी सीरीयल ‘फौजी’ से छोटे पर्दे पर डेब्यू किया था। इसके बाद शाहरुख ने ‘सर्कस’, ‘इडियट’, ‘उम्मीद’, जैसे अन्य धारावाहिकों में काम किया। बाद में शाहरुख दिल्ली से मुंबई शिफ्ट हो गए और वहां उन्होंने हेमा मालिनी की मदद से बॉलीवुड में एंट्री लेकर ‘दिल आशना है’ फिल्म में काम करना शुरू किया, लेकिन शाहरुख की डेब्यू फिल्म ‘दीवाना’ सन् 1992 में रिलीज हुई। यह फिल्म दर्शकों को बेहद पसंद आई। इसमें उन्होंने एक्ट्रेस दिव्या भारती के साथ काम किया था।

इसके बाद शाहरुख खान ने यश चोपड़ा के बैनर तले बनी फिल्म ‘डर’ और ‘बाजीगर’ में काम किया, जिसमें उनका किरदार निगेटिव रहा। शाहरुख खान ने ‘डर’ में साइको लवर और ‘बाजीगर’ में मर्डरर का रोल निभाया था। ‘डर’ फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड्स में बेस्ट विलेन रोल का अवार्ड मिला। इस वजह से शाहरुख खान की इमेज एक निगेटिव के रूप में पहचानी जाने लगी।

हालांकि बाद में शाहरुख खान ने सलमान खान के साथ 1995 में राकेश रोशन की फिल्म ‘करण-अर्जुन’ में काम किया। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इसके बाद ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ फिल्म ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में शाहरुख खान का ओहदा और भी ऊंचा कर दिया। फिर तो जैसे शाहरुख ने कभी पीछे ना मुज़ने की कमस खा ली। चोपड़ा बैनर तले बनीं ‘दिल तो पागल है’, ‘दिल से’, ‘वीर जारा’, ‘जब तक है जान’ जैसी फिल्म ने शाहरुख को एक अलग पहचान दिला दी।

बॉलीवुड में शाहरुख को ‘किंग ऑफ रोमांस’ कहा जाने लगा। यश चोपड़ा के अलावा उनके बेटे निर्देशक आदित्य चोपड़ा के साथ भी शाहरुख की जोड़ी हिट रही और दोनों ने एक साथ ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘मोहब्बतें’, ‘रब ने बना दी जोड़ी’ जैसी सफल फिल्में दीं।

शाहरुख ने अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए तमाम पुरस्कार हासिल किए, जिसमें 14 फिल्मफेयर अवार्ड शामिल हैं। फिल्मों में उनके बहुमूल्य योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी नवाज़ा है।