कौशांबी। कोखराज थाना क्षेत्र में रह रहे सपेरे की सात वर्षीय बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कानपुर देहात जिले के थाना शिवली के एक गांव का सपेरा अपने परिवार के साथ लगभग 15 दिन पहले कोखराज थाना इलाके में तिरपाल की झोपड़ी बनाकर रह रहा था। वह सांप पकड़ने का काम करता है।
सपेरे के मुताबिक, उसकी बेटी गुरुवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से बाहर खेलने निकली थी, फिर वह वापस नहीं आई। काफी देर तक वापस ना आने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। रात्रि करीब 10 बजे पीड़ित परिवार ने कोखराज पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। सर्च ऑपरेशन के दौरान मासूम का शव रेलवे स्टेशन से करीब 600 मीटर दूर एक अरहर के खेत में मिला। शव खून से लथपथ था। शव की हालत देखकर ऐसा प्रतीत होता था कि उसकी हत्या दुष्कर्म के बाद की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। पिता ने बच्ची के रिश्ते के चाचा पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है, फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है।