Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मेरठ में स्वाइन फ्लू का कहर, पीएसी के 14 जवान भर्ती

 

 

मेरठ। दुनिया में कोरोना वायरल का कहर फैला हुआ है तो मेरठ में स्वाइन फ्लू लोगों पर कहर बनकर टूट रहा है। गुरुवार देर रात मेरठ में पीएसी की छठीं बटालियन के 14 जवानों को स्वाइन फ्लू की आशंका पर मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। इससे स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है।

उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा कहर मेरठ में बरपा हुआ है। एक जनवरी 2020 से अब तक अकेले मेरठ में 52 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इतनी संख्या में प्रदेश के दूसरे जिलों के मरीजों की भी संख्या नहीं है। मेरठ में अब तक सात लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। जबकि दो अन्य जनपदों के मरीजों की भी मेरठ में मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग में इससे हड़कंप मचा हुआ है।

पीएसी बटालियन में मची खलबली

दरअसल छठीं बटालियन पीएसी में कई जवानों को खांसी, जुकाम व बुखार की शिकायत थी। दो जवानों को जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद वहां पर हड़कंप मच गया।

आनन-फानन में गुरुवार की देर रात 14 जवानों को स्वाइन फ्लू की आशंका पर मेडिकल काॅलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। मेडिकल अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डाॅ. धीरज राज ने बताया कि शुक्रवार सुबह सभी जवानों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल की माइक्रोबायोलाॅजी लैब में भेज दिए गए। इतनी बड़ी संख्या में जवानों के भर्ती होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

आनन-फानन पहुंचे सीएमओ

सीएमओ डाॅ. राजकुमार शुक्रवार सुबह आनन-फानन में मेडिकल काॅलेज पहुंचे और भर्ती जवानों का हालचाल लिया।

उन्होंने बताया कि भर्ती जवानों की जांच कराई जा रही है। मेरठ में इस बार स्वाइन फ्लू के अभी तक 52 मरीज आए हैं। स्वास्थ्य विभाग पूरी एहतियात बरत रहा है। शुक्रवार को शहर के निजी अस्पतालों की बैठक बुलाई गई है। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाने, एन-95 मास्क और पीपीईटी किट रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2019 में मेरठ जनपद में स्वाइन फ्लू के 399 मामले सामने आए थे और इनमें से आठ मरीजों की मौत हो गई थी।