Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

263 करोड़ की टैक्स चोरी करने वाला पान मसाला कम्पनी का निदेशक गिरफ्तार

 

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस ने हार्ट अटैक के बाद मेरठ जेल में बंद 263 करोड़ के टैक्स चोरी का आरोपित व नोएडा के पूर्वी पान मसाला कंपनी के डायरेक्टर मनोज अरोड़ा को इस्कॉन टेंपल के पास से गिरफ्तार कर लिया। मनोज आरोड़ा गत शनिवार को उपचार के दौरान एम्स अस्पताल से फरार हो गया था।

इस मामले में मेरठ पुलिस ने अपने तीन पुलिस- कर्मचरियों को सस्पेंड भी कर दिया था। मनोज आरोड़ा को पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित अपने भाई से मिलने के लिए उसके घर जा रहा था। उसी दौरान एक सूचना के बाद अमर कालोनी पुलिस ने उसे धर दबोचा। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मेरठ पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी है।

करीब ढाई साल पहले मनोज अरोड़ा को 263 करोड़ की टैक्स चोरी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह नोएडा स्थित पूर्वी पान मसाला कंपनी का डायरेक्टर भी है। तब से ही वह मेरठ जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि उसे दिल की बीमारी थी। गत शुक्रवार को एम्स अस्पताल में उसे उपचार के लिए दिल्ली लाया गया था। एम्स में उसका एंजियोग्राफी और वीडियोग्राफी होनी थी। उपचार के दौरान उसकी सुरक्षा में हेड कांस्टेबल ज्वाला सिंह, कांस्टेबल अरुण और संदीप को लगाया गया था। शनिवार सुबह तीनों पुलिसकर्मी खाना खाने के लिए उसे अकेला ही छोड़ कर चले गये। काफी देर बाद जब वो वापस आये तो पता चला कि आरोपित मनोज अरोड़ा अपने बिस्तर पर नहीं है।
तीनों पुलिसकर्मियों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। उसके बाद उसकी फरारी की सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। लापरवाही के आरोप में मेरठ पुलिस ने तीनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
दिल्ली की साउथ जिला पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी रही। बुधवार को अमर कालोनी पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि एम्स से फरार आरोपित मनोज अरोड़ा अपने भाई से मिलने के लिए ईस्ट ऑफ कैलाश आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर उसे इस्कॉन टेंपल के पास से धर दबोचा।