Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

लखनऊ में धूप निकलने से ठंड से मिली राहत

 

 

लखनऊ। शीतलहर और कोहरे से परेशान राजधानी लखनऊ सहित आसपास के लोगों को मंगलवार को राहत मिली। गुनगुनी धूप निकलने की वजह से ठंड का असर जहां कम देखने को मिला, वहीं लोगों ने इस धूप का आंनद लिया। हालांकि इससे पहले सोमवार रात तापमान में गिरावट दर्ज की गई और गलन ने भी लोगों को परेशान किया। वहीं अलसुबह से ही घने कोहरे का असर देखने को मिला।

कोहरे के कारण सड़कों पर चलना मुश्किल हो रहा था और ऐसा लगने लगा कि एक बार फिर पूरा दिन शीतलहर के नाम रहेगा, लेकिन दोपहर होते-होते सूरज ने दर्शन दिए और लोगों को राहत मिली। इस वजह से पार्कों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा लोग पहुंचे और मौसम का लुत्फ उठाया। घरों में लोग छत और खुले स्थान पर धूप सेंकते नजर आए।

आंचलिक विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि बीते चौबीस घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे के साथ राज्य में कुछ स्थानों पर घना कोहरा हुआ। आगरा मंडल में सोमवार को दिन का तापमान में अधिक गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा लखनऊ, बरेली, बहराइच, मुरादाबाद, प्रयागराज में भी पारा गिरा। झांसी डिवीजन और राज्य में शेष डिवीजनों में तापमान सामान्य रहा। इसके अलावा वाराणसी मंडल पर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और राज्य के शेष हिस्सों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान इटावा में 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस सोनभद्र के चुर्क में दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 07 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है। अगले चौबीस घंटों में राज्य के अलग-अलग स्थानों पर उथले से मध्यम कोहरे की संभावना है।

मंगलवार को दिन में आगरा का न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री, इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री, गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री, झांसी का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री और लखनऊ का न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेरठ का न्यूनतम तापमान 08 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री और वाराणसी का न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में धूप निकलने के बावजूद अभी गलन भरी ठंड जारी रहेगी।