Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दुष्कर्म पीड़ित किशोरी ने शौचालय में दिया बच्ची को जन्म

 

 

नई दिल्ली। उत्तर पश्चिमी जिले के नेताजी सुभाष प्लेस इलाके स्थित शकूरपुर इलाके में 14 साल की दुष्कर्म पीड़ित ने रविवार को अस्पताल के शौचालय में बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल से ही सुभाष प्लेस थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित महिला से पूछने पर पता चला कि एक युवक काफी समय से दुष्कर्म कर रहा था लेकिन पीड़िता को आरोपित के बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं थी। पुलिस ने बयान पर दुष्कर्म व पॉक्सो के तहत केस दर्ज किया। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार निवासी 20 वर्षीय मुगल के तौर पर हुई है। दिल्ली में जींस की फैक्ट्री में काम करता है, जबकि पीड़िता अपने परिवार के साथ शकूरपुर इलाके में रहती है। वह पास के ही सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार में माता पिता, दो बहनें व एक भाई है। माता-पिता फैक्ट्री में काम करते हैं। वह रोज सुबह निकल जाते हैं, शाम को घर लौटते हैं। पीड़ित नाबालिग ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात आरोपित मुगल से हुई थी। उस समय मुगल भी बगल में किराए पर रहता था। लड़की का आरोप है कि उसके कुछ महीने बाद आरोपित वहां से कमरा छोड़कर दूसरी जगह रहने लगा। करीब एक साल पहले आरोपित युवक उसे अपने कमरे पर बहला-फुसलाकर ले गया, जहां पर जान से मारने की धमकी देकर रेप किया। यह सिलसिला लगातार चलता रहा। इस बीच पीड़ित गर्भवती हो गई लेकिन उसे काफी समय तक अहसास नहीं हुआ। उधर आरोपित लगातार शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाता रहा।

इस मामले में रविवार को अचानक पीड़ित की तबियत खराब हुई। वह अपनी मां के साथ पास के ही अस्पताल गई। अस्पताल के बाथरूम में पीड़ित ने बच्ची को जन्म दिया, तो परिजनों को उसके गर्भवती होने का पता चला। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। नाबालिग मां व बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। बच्ची अभी एनजीओ के पास है। सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने पहले डोर टू डोर उक्त इलाके में जाकर आरोपित के बारे में पता किया। फिर टेनेंट वेरिफिकेशन के एक एक दस्तावेज पीड़िता को दिखाया गया, जिसमें फोटो, पता व मोबाइल नंबर होता है। उसी में पीड़िता ने आरोपित को पहचान लिया। इस बीच आरोपित को पुलिस की भनक लग गई। वह दिल्ली छोड़ बिहार जाने के लिए निकला। टीम ने आनंद विहार बस स्टेंड से मुगल को दबोच लिया। वह अविवाहित है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं।