Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर राहुल गांधी

लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 4 जनवरी को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी दौरे पर आ रहे हैं। राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मिली जीत के बाद राहुल गांधी के इस दौरे से कार्यकर्ता में उत्साह है। लखनऊ की सीमा के भीतर 50 से अधिक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश महासचिव सतीश अजमानी, डॉ.आरपी त्रिपाठी व वीरेंद्र मदान जैसे पदाधिकारियों ने फोन के जरिये कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने की कोशिश की।

अजमानी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत एक विजेता की तरह करने के लिए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। शहर व जिला कमेटियों के साथ प्रमुख नेताओं को स्वागत में जुटने के लिए कहा है। इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने मीडिया टीम में विस्तार करते हुए मीडिया इनपुट सदस्य प्रीति एम. शाह को प्रोन्नत करते हुए संयुक्त समन्वयक (ज्वाइंट कोआर्डिनेटर) नियुक्त किया है।

राहुल गांधी अपने अपने अमेठी दौरे में मुंशीगंज गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाएंगे। इसके साथ ही वहां पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लोकसभा चुनाव को लेकर मंत्रणा भी करेंगे। राहुल चार जनवरी को दस बजे लखनऊ पहुंचेंगे, जिसके बाद वह सड़क मार्ग होते हुए सलोन विधान सभा में स्वागत समारोह व नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद परशदेपुर, नसीराबाद, परैया नमकसार होते हुए गौरीगंज पहुंचेंगे। यहां वह जिला बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद राहुल यहां पर सांसद निधि से निर्मित अधिवक्ता भवन का लोकार्पण करेंगे। यहां से वह अमेठी के लिए रवाना होंगे, जहां पर स्वागत कार्यक्रम होगा। रात्रि में मुंशीगंज गेस्ट हाउस में पार्टी के प्रतिनिधि मंडल व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। पांच जनवरी को वह सुबह साढ़े नौ बजे से 11 बजे तक जनता दरबार लगाकर लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मुसाफिरखाना तहसील में अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो जगदीशपुर होते हुए तिलोई पहुंचेंगे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता शिव प्रताप सिंह के निधन पर परिवारजन शोक जताएंगे। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।