Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मकान में मिले पीडब्ल्यूडी की महिला कर्मचारी सहित उसके दो बच्चों के जले हुए शव, हत्या की आशंका

 

रायपुर। राजधानी के उरला थानांतर्गत गुरुवार सुबह पीडब्लूडी की एक महिला कर्मी और उसके दो बच्चों का जला शव उसके घर में म‍िला है। तीनों के शवों पर जख्म के गहरे निशान हैं। तीनों का शरीर बुरी तरह जल हुआ है। घटना की सूचना के बाद उरला पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी हुई है।

नगर पुल‍िस अधीक्षक अभिषेक माहेश्वरी के अनुसार घटना उरला के बाना गांव की है। दुर्ग जिले से लगा हुआ यह रायपुर जिले का आखिरी गांव है। पीडब्ल्‍यूडी की महिला कर्मी दुरोरिन बाई अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। बच्चों की उम्र 12 से 15 वर्ष बतायी जा रही है। आज सुबह जब घर पर पड़ोसियों ने तीनों का शव देखा तो इसकी जानकारी उरला पुलिस को दी गयी। माहेश्‍वरी ने बताया क‍ि अनुमानत: पहले तीनों की हत्या की गयी, उसके बाद शव को जलाया गया है।

उल्लेखनीय है कि दुलोरिन बाई के पति की कुछ वर्ष पहले रोड एक्सीडेंट में मृत्यु हो गयी थी। दुलोरिन को पीडब्ल्‍यूडी में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। घटना की सूचना के बाद सीएसपी अभिषेक माहेश्वरी, उरला टीआई और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गए। सीएसपी अभिषेक माहेश्वरी ने कहा कि शव पर गहरे जख्म के निशान हैं। इस वजह से हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।