लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपनी सुरक्षा व्यवस्था को कम करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा है कि प्रदेश यात्रा के दौरान मेरी सुरक्षा व्यवस्था को यथासंभव कम रखा जाये जिससे आम जन को कोई कष्ट न हो।
वैसे प्रियंका वाड्रा ने अपने पत्र में अपनी यात्रा के दौरान राज्य सरकार की ओर से मुहैया कराई जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ भी की है। लेकिन, उन्होंने यह भी लिखा है कि प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा किये जाने वाले वृहत् सुरक्षा इंतजाम से जनता को होने वाली परेशानी से वह बहुत ही व्यथित हैं। उन्होंने लिखा है कि जनता का सेवक होने के नाते उनके कारण जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिये।
इस संबंध में एक उद्धरण की चर्चा करते हुए प्रियंका वाड्रा ने अपने पत्र में लिखा है कि पिछले दिनों वह और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के रायबरेली यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस के 22 वाहन काफिले में शामिल थे। इस कारण जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को काफी परेशानी हुई।
उन्होंने आगे लिखा है कि दिल्ली और अन्य राज्यों में भी उनकी सुरक्षा का इंतजाम होता है, जिसमें मात्र एक सुरक्षा वाहन उनके साथ चलता है और इसमें किसी को कोई आपत्ति भी नहीं होती। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में उनके लिए ट्रैफिक को भी कभी रोका नहीं जाता है, जबकि उत्तर प्रदेश में हमेशा ट्रैफिक को रोक दिया जाता है। इससे जनता को बहुत अव्यवस्था होती है।