Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

गांधी जयंती के मौके पर मोदी सरकार लॉन्च कर सकती है कैंपेन, बंद होंगे प्लास्टिक से बने ये 6 आइटम

नई दिल्ली। हमें अपनी आम जिंदगी में प्लास्टिक से बने सामानों से बहुत सहूलियत मिलती है और इसलिए हम धड़ल्ले से इसका उपयोग करते हैं लेकिन हमें यह भी पता है कि इसका उपयोग हमारे पर्यावरण और खुद हमारे लिए भी काफी खतरनाक है। ऐसे में आने वाले 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन देशभर में प्लास्टिक से बने कुछ सामानों पर बैन लगाया जा सकता है।

भारत ने 2 अक्टूबर से देशभर में प्लास्टिक से बने बैग, कप और स्ट्रॉ पर पाबंदी लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। शहरों और गांवों में सिंगल यूज प्लास्टिक की वजह से भारत दुनिया के सबसे प्रदूषित देशों में शुमार है। 2022 तक देश में ऐसे प्लास्टिक को पूरी तरह से खत्म करने का लक्ष्य लेकर चलने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधी जयंती के दिन प्लास्टिक से बने 6 सामानों पर बैन लगाने के लिए कैंपेन लॉन्च कर सकते हैं।

मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक नाम न बताने की शर्त पर दो अधिकारियों ने बताया कि सरकार प्लास्टिक बैग, कप, प्लेट, छोटी बोतलें, स्ट्रॉ और कुछ चुनिंदा प्रकार के सैशे को बंद कर सकती है। एक अधिकारी के मुताबिक बैन सिर्फ इस्तेमाल में होने वाली चीजों का ही नहीं बल्कि ऐसी चीजों की मैन्यूफैक्चरिंग और इंपोर्ट पर भी किया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक इन छह आउटम पर प्रतिबंध लगाने के बाद भारत के सालाना प्लास्टिक खपत में 5 से 10 फीसदी की कमी आएगी। यानी लगभग 14 मिलियन टन प्लास्टिक की खपत कम होगी। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के उल्लंघन के लिए जुर्माना संभवतः छह महीने की शुरुआती अवधि के बाद प्रभावी होगा। देश के कुछ राज्यों ने पहले से ही पॉलीथीन बैग पर पाबंदी लगा दी है।