Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दुनिया का कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकता : राजनाथ सिंह

 

 

 

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है। हमारे देश की सैन्य शक्ति इतनी तेजी से बढ़ रही है कि आने वाले समय में दुनिया का कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकेगा।
राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं के अभिनंदन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है, लेकिन हमने किसी दूसरे देश पर कभी आक्रमण नहीं किया।

पड़ोसी देश पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि वह दुनिया के अलग-अलग देशों से हमारी शिकायत करता था, लेकिन आज पाकिस्तान हमारी विदेश नीति की वजह से अलग थलग पड़ गया है। कोई भी देश पाकिस्तान का साथ देने को तैयार नहीं है। आज अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस जैसे दुनिया के बड़े-बड़े राष्ट्र भी मानते हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय पर बहुत अत्याचार होता है और उनको प्रताड़ित और शोषित किया जाता है।

भारत के सहिष्णुता की चर्चा करते हुए राजनाथ ने कहा, ‘मैं रक्षा मंत्री होने के नाते कहना चाहता हूं कि हमारे देश में किसी भी धर्म के 100-50 लोग ही क्यों ना हो हम उनका अपमान नहीं होने देंगे। यह हमारे देश के संस्कार हैं। भारत की संस्कृति में यह सबसे बड़ी शिष्टता है। हमारे यहां जांत-पांत, मजहब की वजह से कभी भेदभाव नहीं किया गया। देश को सिर्फ इंसाफ और इंसानियत के आधार पर चलाया गया। हमारे नेता अटल बिहारी वाजपेयी भी लगातार इसी बात को दोहराते रहे हैं।’

कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते हुए लखनऊ के सांसद राजनाथ ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ संसदीय सीट पर पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। लखनऊ संसदीय इतिहास में अब तक ऐसी जीत कभी नहीं हुई है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और लखनऊ की जनता के आर्शीवाद और सहयोग की वजह से आज हम लोगों को इतनी बड़ी कामयाबी मिली है।
उन्होंने कहा, ‘पिछली बार जब मैं लखनऊ आया था तो महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा था कि कार्यकर्ताओं ने बड़ी ईमानदारी से मेहनत की है और अब हमारी बारी है हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करना चाहते हैं तो हमने कहा कि अवश्य अगली बार कार्यक्रम बना लें। किसी भी राजनीतिक पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बूथ स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता होता है भले ही कोई भी बड़े-बड़े पदों पर बैठकर अपने आपको बड़ा कार्यकर्ता मानता हो पर राजनाथ सिंह बूथ पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को ही सबसे बड़ा नेता मानते हैं।’

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की वजह से ही भाजपा को पूरे देश में 303 सीटें मिली हैं। हम सब जिस अनुच्छेद-370 की चर्चा करते थे कि जब हमारी सरकार आएगी तो उसे हटाएंगे। देश में एक कानून, एक निशान, एक विधान और एक प्रधान होगा। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने लगातार अनुच्छेद-370 का विरोध करते हुए अपने प्राणों का बलिदान किया। डॉ. मुखर्जी के सपने को आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा करते हुए अनुच्छेद-370 एवं 35ए को समाप्त कर दिया। इसे हम बहुत पहले ही हटाना चाहते थे लेकिन हमारे पास पूर्ण बहुमत न होने के कारण हम ऐसा नहीं कर सके थे।

रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश को तोड़ना चाहती है और कहती है कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 नहीं हटना चाहिए। वर्ष 1964 में हमारी सरकार नहीं बल्कि कांग्रेस की सरकार थी उस समय लोकसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास हुआ था कि अनुच्छेद 370 हटना चाहिए लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। आज हमारे पास पूर्ण बहुमत की सरकार है, प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति की वजह से हम 370 और 35ए हटाने में कामयाब हो पाये हैं।

हमेशा रहती है लखनऊ के विकास की चिन्ता

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने लखनऊ के विकास को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेरा सदैव प्रयास रहता है कि लखनऊ को एक सुंदर और सुविधा युक्त शहर का स्थान मिले।
कार्यक्रम को भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री बृजेश पाठक और विधायक सुरेश श्रीवास्तव ने भी सम्बोधित किया। महापौर संयुक्ता भाटिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने अमित गुप्ता, सुनील यादव गुड्डू,कैलाश गुप्ता, दीपक सोनकर शैलू, मनोज रस्तोगी, विनय रस्तोगी, रितेश रस्तोगी, मुकेश सिंह मोंटी, शशि गुप्ता, मान सिंह, अनुराग मिश्रा अन्नू,दीप प्रकाश सिंह, गज्जी निगम, सत्येन्द्र सिंह, यू.एन. पाण्डेय, शिवपाल सांवरिया, संतोष राय, राजीव त्रिपाठी और विजय गुप्ता को सम्मानित किया।