Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

निर्भया के दादा बोले, अब उनकी बच्ची के गुनाहगारों को जल्द दी जाय फांसी

बलिया। हैदराबाद रेप व हत्याकांड के चारों आरोपितों को एनकाउंटर में ढेर किए जाने की खबर से जहां निर्भया के माता-पिता ने खुशी जताई है तो यहां पैतृक गांव में निर्भया के दादा लालजी सिंह भी बेहद खुश हैं। उन्होंने इसके लिए तेलंगाना पुलिस की तारीफ की।

निर्भया के दादा ने कहा कि आज यानि शुक्रवार की सुबह मैं टीवी देख रहा था। इस बीच खबर आयी कि हैदराबाद में महिला डाक्टर के चारों आरोपित मुठभेड़ में ढेर हो गए हैं तो दिल को तसल्ली मिली। कोई तो पुलिस है जो दरिंदों को उनकी उचित जगह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के साथ दरिंदगी करने वालों के साथ ऐसा ही होना चाहिए। एनकाउंटर पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि अगर दरिंदे पुलिस का हाथ छुड़ाकर भाग गए होते तो पुलिस की आलोचना हो रही होती और पुलिस को कोसने वालों की बाढ़ आ गयी होती।

निर्भया के दादा को इस बात का मलाल है कि उनकी बच्ची के गुनहगार सात साल बाद भी जिंदा रहकर सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब यही तमन्ना है कि जिस तरह हैदराबाद कांड के गुनहगारों को दस दिन बाद ही सजा मिल गई। अब हमारी बच्ची को भी जल्द न्याय मिले। उसके गुनहगारों को जल्द फांसी पर लटकाए जाय।