Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

एनडीए से बागी कुशवाहा ने थामा महागठबंधन का हाथ

पटना: केंद्र की मोदी सरकार के सहयोगी दल रहे राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) मुख्य उपेंद्र कुशवाहा ने बीजेपी के खिलाफ तैयार हो रहे महागठबंधन का हाथ थाम लिया है। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि “एनडीए में मेरा अपमान हो रहा था। पीएम मोदी ने को वादे बिहार की सरकार से किए थे उसको पूरा नहीं किया।

गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस के दफ्तर में उनके महागठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया गया। इस मौके पर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के अलावा राजद नेता तेजस्वी यादव, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव और कांग्रेस नेता अहमद पटेल मौजूद थे।

कुशवाहा ने कहा, “एनडीए में मेरा अपमान हो रहा था। दूसरी तरफ महागठबंधन के लोग मेरा स्वागत करने के लिए बाहें फैलाए हुए थे।” लालू यादव और राहुल गांधी ने उदारता दिखाई। मैं जनता की भावना की कद्र करते हुए महागठबंधन में आया हूं। प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता से वादा किया था कि उन्हें कमाने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। पीएम ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। मेरी सीटों की संख्या घटाई गई। मेरी पार्टी को तोड़ा गया। नीतीश ने मेरी पार्टी को बर्बाद करने की कसम खाई है।

तेजस्वी ने कहा- कुशवाहा का महागठबंधन में स्वागत है। हम मौजूदा भाजपा-जदयू गठबंधन को करारा जवाब देंगे। मौजूदा सरकार और भाजपा ने बिहार के लोगों को ठगा है। हमारा गठबंधन दलों का नहीं, बल्कि जनता के दिलों का है। यह देश को बचाने की लड़ाई है। भाजपा तानाशाही रवैया अपना रही है। एनडीए में शामिल दलों को दबाया जा रहा है। आरबीआई, सीबीआई और ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। भाजपा सरकार कुछ लोगों के हित के लिए काम कर रही है। किसान परेशान हैं। देश भर में अघोषित इमरजेंसी लागू है।