Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मुंबई बारिश:चरों तरफ से त्राहिमाम,प्राकृतिक आपदा जैसे हालात

मुंबई |
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और राज्य के बाकी हिस्सों पर छाए बादल आफत बनकर बरस रहे हैं। लगातार हो रही भारी बरसात के चलते शहर की रफ्तार पर मानो ब्रेक लग गया है। सड़कों के साथ-साथ अस्पतालों और रेलवे स्टेशन तक पर पानी भरा नजर आ रहा है। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है और इसे देखते हुए सरकार ने 2 जुलाई को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-ऑफिस बंद रखने का फैसला किया है। बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) की ओर से कहा गया है कि आज 2 जुलाई को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे, साथ ही सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में भी पब्लिक हॉलिडे कर दिया गया है। 


मौसम विभाग ने दी और बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर भारी बारिश तो वहीं बाकी हिस्सों में रुक-रुककर बरसात होती रहेगी। सड़कों पर जलभराव के चलते यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पालघर और नालासोपारा रेलवे स्टेशन पर बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पालघर में आज भी भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग की ओर से जताया गया है। 

अस्पताल में भी पानी भरा 

सोमवार सुबह से ही बुरी होती स्थिति के चलते रायगढ़ में एक सरकारी अस्पताल में भी पानी भर गया और लोगों को कई तरह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों से लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। अस्पताल को वॉर्ड्स और बरामदों तक में पानी भर गया है और बारिश अब भी जारी है। मुंबई पुलिस ने भी सभी को घर से निकलने से पहले मौसम के अपडेट्स देखने की सलाह दी है। 

ट्रेनें रद्द, हवाई यातायात भी प्रभावित 

मुंबई पुलिस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, ‘मुंबई और आसपास के इलाके में मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हम मुंबईवासियों से अपने दिन की प्लानिंग करने से पहले मौसम के अपडेट्स चेक करने की सलाह देते हैं। अपना ध्यान रखें और सुरक्षित रहें।’ सुरक्षा को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने भी कुछ छोटी और लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द कर दी हैं। रेलवे की ओर से करीब आठ मुख्य ट्रेनों को रद्द किया गया है और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। 

 

‘यह प्राकृतिक आपदा की स्थिति’ 

सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता ने कहा, ‘यह प्राकृतिक आपदा की स्थिति है। ऐसे वक्त में कुर्ला और ठाणे सेक्शन के बीच सुरक्षा के नजरिए से सबअर्बन ट्रेन यातायात रोक दिया गया है। सभी को होने वाली असुविधा के लिए हमें खेद है।’ रेलवे ने कहा कि राज्य सरकार और कई अन्य एजेंसियों ने मुंबई और पुणे के इंटरसिटी यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने को कहा है। 

 

ये ट्रेनें हुई हैं प्रभावित 

विरार, पालघर और नालासोपारा स्टेशनों पर जलभराव के चलते 16 अप और डाउन मेन लाइन ट्रेन्स को अन्य स्टेशनों पर रोका गया है और वैकल्पिक व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 12904, 22904, 22928,12962, 12902, 19208, 19218, 22944,12928, 12264, 19424, 12450,19020, 59442, 12298 और 12268 को कई स्टेशनों पर रोका गया है। इनके अलावा आठ ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिनमें गाड़ी संख्या 12922, 59024, 12009, 22953, 59038, 59440, 69164 और 69174 शामिल हैं।