Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ पर बढ़ा सियासी घमासान, मध्यप्रदेश सरकार ने फिल्म पर लगाई रोक

देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ऊपर बनी फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को लेकर सियासी घमासान बढ़ता जा रहा है। जहां कांग्रेस की ओर इस फिल्म पर आपत्ति जताई जा रही है, तो वहीं भाजपा फिल्म को अपना पूरा समर्थन दे रही है। भाजपा ने फिल्म के ट्रेलर को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट भी किया है। इन विवादों के बीच कांग्रेस शासित राज्य मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस शासित अन्य राज्यों में भी फिल्मों पर रोक लग सकती है। कांग्रेस ने फिल्म से किनारा किया है। यह फिल्म 11 जनवरी को रिलीज होने वाली है।

बता दें कि फिल्म की कहानी यूपीए कार्यकाल पर आधारित है और इसकी कहानी मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू की किताब ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ पर आधारित है। ये किताब 2014 में प्रकाशित हुई थी। फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता अनुपम खैर का कहना है कि उनके (कांग्रेस) नेता पर फिल्म बनी है उन्हें खुश होना चाहिए। आपको भीड़ लेकर भेजनी चाहिए फिल्म देखने के लिए क्योंकि उसमें डायलॉग हैं जैसे- मैं देश को बचाउंगा। जिस से लगता है कि कितने महान हैं मनमोहन सिंह जी।’

इससे पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस नेता सैय्यद जफर ने ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ फिल्म पर कहा, ‘मैंने फिल्म के निर्देशक को एक पत्र लिखा है। हम ट्रेलर में दिखाए गए नामों और जो कुछ दिखाया गया है उसपर कड़ी आपत्ति जताते हैं। हम रिलीज से पहले फिल्म को देखना चाहते हैं या फिर इसे राज्य में रिलीज नहीं होने देंगे।’

गौर हो कि फिल्म के 3 मिनट के इस ट्रेलर में मनमोहन सिंह को कांग्रेस की अंदरुनी राजनीति से पीड़ित दिखाया गया है। इसमें कई जगह सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका को मनमोहन सिंह पर निशाना लगाते दिखाया गया है। कांग्रेस के कई नेताओं ने ट्रेलर में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसे 2019 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी का प्रोपेगैंडा करार दिया।