Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भाजपा सरकार में अल्पसंख्यकों का हो रहा उत्पीड़न : अखिलेश

 

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते जनता का अमन चैन छिन गया है। निर्दोष मारे जा रहे हैं। अपराधिक धाराओं में फर्जी फंसाकर अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। महिलाओं और छात्राओं के साथ रोजाना दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है। नौजवान बेकारी से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद तो जनपदों में सत्ता का घोर दुरूपयोग होने लगा है। किसानों, गरीबों, नौजवानों और अल्पसंख्यकों पर अन्याय हो रहा है। उन्हें अपमानित किया जा रहा है। थानों में पीड़ित की सुनवाई होती नहीं उल्टे उसका ही उत्पीड़न किया जाता है। भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार की घोषणाएं सिर्फ मन बहलाने के लिए होती हैं। भाजपा राज में जनता अपने को असहाय पा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता की भाजपा बात तो जोरशोर से करती है लेकिन भाजपा की सरकार में गौशालाओं में सैकड़ों गाएं भूख और बीमारी से मर चुकी हैं। हाल में प्रयागराज में 35 से ज्यादा गायों की मौत हुई। अयोध्या में 30 गायों की मौतें हुई। खुद राजधानी भी इससे अछूती नहीं है। रायबरेली में 24 सुल्तानपुर में दर्जनभर से ज्यादा गायों की मौतें हुई। जनपदों में खुले में घूम रही गायें पालीथिन और कूड़ा—कचरा खाकर मौत के मुंह में जा रही है। भाजपा सरकार की यह संवेदनहीनता निंदनीय है। गायों और गरीबों की मौत की जिम्मेदारी सरकार पर है।