लखनऊ। राजधानी के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में शनिवार अपराह्न नर तेंदुआ अकबर की वृद्धावस्था के कारण मृत्यु हो गयी।
निदेशक आरके सिंह ने बताया कि यह तेंदुआ 2006 में इलाहाबाद कैन्ट क्षेत्र से रेस्क्यू कर लखनऊ प्राणि उद्यान लाया गया था। उस समय इसकी उम्र लगभग चार से छह वर्ष की थी। इसको मादा तेंदुआ दीया के साथ रखा गया था। इसके बाद दीया ने 2009 में एक नर शावक को जन्म दिया था जिसका नाम अशोका रखा गया था, जो कि अभी भी प्राणि उद्यान, लखनऊ में है।
इससे पहले फरवरी 2018 में दीया की भी अधिक उम्र होने की वजह से मौत हो चुकी है। दीया भी 25 दिसम्बर 2004 को मिर्जापुर से लखनऊ प्राणि उद्यान रेस्क्यू करके लायी गई थी। 2005 में उसे बाड़े में शिफ्ट किया गया। उसके बाद उस बाड़े में नर तेदुआ अकबर को रखा गया। 2008 में अभिनेत्री दीया मिर्जा प्राणि उद्यान आई थी। उन्होंने मादा तेंदुआ दीया को एक साल के लिए गोद लिया था। उसका नाम भी दीया मिर्जा के नाम पर ही रखा गया।