Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

टिकट कटने से चैन की नींद भी नहीं सो पा रहे जितिन प्रसाद

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाहजहांपुर से लखनऊ के लिए निकले थे। इसी दौरान मैगलगंज में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता जितिन प्रसाद का धौरहरा से टिकट काटे जाने से नाराज थे। कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
                                       
गुरुवार को जितिन प्रसाद शाहजहांपुर स्थित अपने घर से लखनऊ के लिए निकले थे। इस दौरान उन्हें जंगबहादुर और मैगलगंज में कार्यकर्ताओं से मिलना भी था। उनके इस कार्यक्रम के पूरा होने से पहले ही लखनऊ हाईवे पर मैगलगंज के पास कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसी कार्यकर्ता जितिन प्रसाद से धौरहरा लोकसभा सीट से लड़ने का आग्रह कर रहे थे। पुलिस के समझाने पर भी कार्यकर्ता डटे रहे। जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद जितिन प्रसाद सिद्धेश्वरी आश्रम पहुंचे जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब से उन्हें धौरहरा लोकसभा सीट से उनका टिकट कटने की बात पता चली है तब से वह चैन की नींद नहीं सोए हैं। उन्होंने धौरहरा लोकसभा के हर नागरिक को अपने परिवार का सदस्य बताया। कहा कि वह शीर्ष नेतृत्व से बात करेंगे और उसके बाद उसकी जानकारी कार्यकर्ताओं को भी देंगे। इन दिनों जितिन प्रसाद कभी टिकट बदलाव तो कभी पार्टी बदलने को लेकर सुर्खियों में हैं। हालांकि धौरहरा लोकसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके जितिन प्रसाद ने जहां 2009 का चुनाव भारी मतों से जीता था तो वहीं 2014 में मोदी लहर के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन क्षेत्र में उन्होंने लगातार अपनी पकड़ बनाए रखी है, यही कारण है कि आज कांग्रेसी कार्यकर्ता वह उनके समर्थक उनके इसी सीट से न लड़ने को लेकर नाराज हैं।