Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

ISRO ने किया बड़ा ऐलान, दिसंबर 2021 से पहले अंतरिक्ष में भेजेगा भारतीय एस्ट्रोनॉट

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) दिसंबर 2021 तक अंतरिक्ष में एस्ट्रोनॉट भेजेगा। यह ऐलान शुक्रवार को ISRO के चेयरमैन के सिवन ने किया। इस सफलता के साथ ही, अंतरिक्ष पर मानव मिशन भेजने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। इस मिशन के लिए अंतरिक्ष यात्री को विदेश में ट्रेनिंग दी जाएगी।

सिवन ने कहा कि ISRO महिला अंतरिक्ष यात्री को भी इसमें शामिल करना चाहता है, लेकिन ये सेलेक्शन की प्रक्रिया पर निर्भर करता है। इसके साथ ही के. सिवन ने घोषणा की कि भारत के दूसरे चंद्र अभियान चंद्रयान-2 को इस साल मध्य अप्रैल में प्रक्षेपित कर सकता है। इसरो ने इससे पहले कहा था कि चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण इस साल जनवरी से 16 फरवरी के बीच किया जाएगा।

यह अभियान कुल 800 करोड़ रुपए की लागत वाला बताया जा रहा है। यह 10 साल पहले प्रक्षेपित किए गए चंद्रयान-1 का उन्नत संस्करण है। सिवन ने मीडिया से कहा ‘जहां तक चंद्रयान 2 के प्रक्षेपण की बात है तो इसके लिए 25 मार्च से मध्य अप्रैल का समय तय किया गया है। संभवत: इसे मध्य अप्रैल में प्रक्षेपित किए जाने का लक्ष्य है।’

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी ने इसे पहले जनवरी और फरवरी के बीच प्रक्षेपित करने की योजना बनाई थी लेकिन कुछ परीक्षणों के नहीं हो पाने के कारण ऐसा नहीं हो सका। इसरो प्रमुख ने कहा, ‘फरवरी के लक्ष्य से चूकने के बाद अगला उपलब्ध लक्ष्य अप्रैल है। अब इसे अप्रैल में प्रक्षेपित करने की योजना है।’