Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के मौसम में थोड़ा बदलाव आया है। पिछले दिनों दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहे। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आइएमडी के अनुसार अगले छे दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर रहेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ तेज बारिश होगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने असम और मेघालय के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए उत्तर पूर्वी राज्यों में 17 जून तक भारी बारिश की गतिविधि बने रहने की भविष्यवाणी की है। आइएमडी ने इन राज्यों के लिए 17 जून तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। असम और मेघालय के कई स्थानों पर पहले से ही भारी बारिश हो रही है। गुरुवार और शुक्रवार के लिए असम और मेघालय के लिए रेड अलर्ट के अलावा आइएमडी ने अरुणाचल प्रदेश के लिए 17 जून तक आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में गरज और तेज हवाओं की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहे थे। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर की पुरवाई की भविष्यवाणी की गई है, जिससे गर्मी कम रहने की संभावना है। इसके साथ ही आइएमडी ने अगले छह दिनों में गरज के साथ छींटे पड़ने या हल्की बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार तक पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।