Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भारत चांद पर दस्तक दे रहा और पाकिस्तान चंदे पर पलने को मजबूर : झारखंड मुख्यमंत्री

 

 

जमशेदपुर। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भारत के चन्द्रयान 02 मिशन को देश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करिश्माई नेतृत्व का बखान किया। चुटीले अंदाज़ में कहा, भारत जहां चाद पर दस्तक दे रहा है, वहीं मोदी सरकार के वैश्विक स्तर की कूटनीति के कारण पड़ोसी देश पाकिस्तान चंदे पर पलने को मजबूर है।

तीन दिवसीय जमशेदपुर दौरे पर जमशेदपुर में कैम्प किये सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने 65 प्लस के मुहिम को लगातार गति दे रहे हैं। शनिवार को बर्मा माइंस और सीतारामडेरा मंडलों में प्रवास किया। उन्होंने आसन्न विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को गुरु मंत्र दिए। वहीं चुनावी एवं राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिए बूथ प्रबंधन के गुर भी बताए।

सीएम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्षी झारखंड नामधारी पार्टियों को भी निशाने पर लिया। कहा, 2014 तक झारखंड स्कैम, भ्रष्टाचार और तरह-तरह के घोटालों के लिए चर्चाओं में रहता था, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश की सूरत बदल दी है। अब तेज़ विकास और योजनाओं के उल्लेखनीय क्रियान्वयन के लिए प्रदेश के नाम शानदार रिकॉर्ड दर्ज़ होते हैं। मुख्यमंत्री ने इस सकारात्मक परिवर्तन के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जिम्मेदार बताया।

उन्होंने कार्यकार्ताओं से कहा कि 09 सितंबर से “घर-घर रघुवर” अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत राज्य सरकार की उल्लेखनीय उपलब्धियों को हर गली और हर घर तक पहुंचाना है। कहा, सरकारी योजनाओं से लाभांवित हुए लाभार्थियों से आत्मीयता बनाये रखना ज़रूरी है।

शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे बर्मा माइंस स्थित दीनदयाल उपाध्याय बारात भवन में मण्डल प्रवास कार्यक्रम संपन्न हुआ। वहीं सीतारामडेरा मण्डल में शाम साढ़े चार बजे से सीएम ने प्रवास कर कार्यकार्ताओं को ऊर्ज़ा से लबरेज़ किया। बर्मा माइंस मण्डल के प्रवास कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, मंडल अध्यक्ष दीपक झा, मंडल प्रभारी गुंजन यादव, पूर्वी विधानसभा कोर कमिटी के संयोजक संजीव सिंह , शैलेंद्र राय,गुरु गोविंद सिंह आजाद समेत मण्डल के सभी बूथों के अध्यक्ष ,मंडल कोर कमेटी सदस्य, मंडल भवन प्रभारी, सह-प्रभारी ,मंडल कार्यसमिति सदस्य एवं मंडल मोर्चा के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।