Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

इमरान खान का बड़ा बयान, कहा- अगर युद्ध हुआ तो भारत से जीतना मुश्किल

इस्लामाबाद। भारत के साथ बने तनावपूर्ण माहौल के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने एक बार फिर से भारत को परमाणु हमले की धमकी दी है लेकिन उन्होंने इस दौरान यह भी माना है कि भारत के साथ पारंपरिक युद्ध में पाकिस्तान हार जाएगा।

ऐसे माहौल में अगर भारत के साथ जंग शुरू होती है, तो यह परमाणु हमले तक जाएगी। इमरान खान ने भारत के साथ एक बार फिर से हमले की संभावना जताई है। साथ ही कहा है कि कश्मीर मसले को लेकर परमाणु युद्ध होने के आसार भी बन सकते हैं। उन्होंने कहा है कि अगर भारत के साथ युद्ध शुरू हुआ, तो इसके परिणाम भयावह हो सकते हैं।

कश्मीर पर भारत को परमाणु युद्ध की धमकी देने के सवाल पर एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा है कि कोई भ्रम नहीं है, मैंने जो कहा है, वो यह है कि पाकिस्तान कभी भी परमाणु युद्ध शुरू नहीं करेगा। मैं शांतिवादी हूं और युद्ध विरोधी हूं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि अगर युद्ध हुआ तो पाकिस्तान शांत नहीं रहेगा और अंतिम सांस तक लड़ेगा।

इमरान ने कहा है कि अगर मैं कहूं कि पाकिस्तान पारंपरिक युद्ध में हार रहा हो और अगर एक देश दो विकल्पों के बीच फंस गया है, या तो आप आत्मसमर्पण करेंगे या फिर अपनी स्वतंत्रता के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे और मुझे पता है कि पाकिस्तान स्वतंत्रता के लिए आखिरी सांस तक लड़ेगा और जब एक परमाणु संपन्न देश अंतिम सांस तक लड़ता है, तो परिणाम भयावह होते हैं।