Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मेरठ के एसएसपी का मुठभेड़ का अर्द्धशतक, अब तक 56

 

मेरठ। अजय साहनी को मेरठ का एसएसपी बने अभी 63 दिन हुए हैं, लेकिन इस दौरान वह अपराधियों के खिलाफ 56 मुठभेडों को अंजाम दे चुके हैं। बुधवार की देर रात ही चार मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
मेरठ में मुस्लिम समाज के बवाल के बाद आईपीएस अधिकारी अजय साहनी को मेरठ का एसएसपी बनाया गया था। इसके बाद से ही मेरठ में अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है और हर रोज मुठभेड़ हो रही है। बतौर एसएसपी अजय साहनी ने मेरठ में अपनी तैनाती के 63 दिन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान वह 56 मुठभेड़ को अंजाम दे चुके हैं। इन मुठभेड़ों में एक लाख का ईनामी बदमाश शकील मारा गया। जबकि मुजफ्फरनगर में दरोगा की हत्या करने वाले दो बदमाश रविंद्र और अमित को पुलिस ने ढेर कर दिया। इसके साथ ही 25-25 हजार रुपए के ईनामी 19 बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार गिए गए।

एक ही दिन में चार मुठभेड़, पांच घायल

बुधवार की देर रात मेरठ पुलिस की बदमाशों से चार मुठभेड़ हुई। जिनमें पांच बदमाश घायल हो गए। पहली मुठभेड़ जानी थाना क्षेत्र में हुई। जानी थाना क्षेत्र में पठानपुरा रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक को पुलिस ने रूकने का इशारा किया। युवक ने रूकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की फायरिंग में वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान दिलशाद पुत्र हमीद निवासी सिवालखास के रूप में हुई। उस पर एक दर्जन मुकदमे दर्ज है। बुधवार की रात ही नौचंदी पुलिस ने नौचंदी मैदान के पास एक कार को रूकने का इशारा किया। कार सवारों ने रूकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो युवक घायल हो गए और दो फरार हो गए। घायल बदमाशों की पहचान अनीस उर्फ काला निवासी काशीराम कालोनी खरखौदा और इरफान उर्फ लाल निवासी श्यामनगर लिसाड़ी गेट के रूप में हुई। दोनों बदमाश लूट करने जा रहे थे। उधर नौचंदी क्षेत्र से भागे बदमाशों की तलाश में पुलिस जुट गई। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर गांव में ब्रह्मपुरी पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि दूसरा भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान सरताज निवासी रशीद नगर लिसाड़ी गेट के रूप में हुई। रोहटा थाना क्षेत्र में जैनपुर के जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश परवीन पुत्र वहीद निवासी जैन नगर थाना रोहटा घायल हो गया। पांचों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति जारी रहेगी। बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा।