Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कश्मीर पर लिए गए फैसले से मोदी सरकार पूर्व पीएम राजीव गांधी के इस रिकॉर्ड को भी तोड़ देगी

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार के विरोध में दिखने वाले पूर्व भारतीय जनता पार्टी नेता यशवंत सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मोदी सरकार के जम्मू-कश्मीर राज्य से अति विशेष दर्जे को समाप्त किए जाने पर कहा है कि यह एक पूरी तरह से राजनीतिक कदम है। जिसका फायदा भारतीय जनता पार्टी को व्यापक स्तर पर मिलेगा। उन्होंने कहा है कि इस फैसले से नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे।

यशवंत सिन्हा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी इस फैसले से राजीव गांधी के उस शानदार जीत के रिकॉर्ड को भी तोड़ सकती है, जो कि पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी मां इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली थी। यशवंत सिन्हा ने यह बात एक निजी समाचार चैनल से बात करने के दौरान कही है।

यशवंत सिन्हा ने सरकार के इस फैसले से कश्मीरियों के और अलग-थलग पड़ने की आशंका जताते हुए कहा है, ‘वे (भाजापा) राजीव गांधी का भी रिकॉर्ड तोड़ देंगे।’ बताते चलें कि यशवंत सिन्हा अटल बिहारी वाजपेई सरकार में वित्त मंत्री रहे थे। उन्होंने कहा है, ‘आर्टिकल 370 और 35ए के साथ भारत सरकार ने जो किया, वह पूरी तरह से राजनीति है। देश के कई अहम राज्यों में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और यह सारी कवायद चुनाव जीतने के लिए की गई है।’