Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

चुनाव से पहले भाजपा कॉरपोरेटर समेत परिवार के पांच लोगों की निर्मम हत्या

मुम्बई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी वारदात सामने आई है। जलगांव जिले के भुसावल शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नगर सेवक रविंद्र खरात के परिवार पर अज्ञात व्यक्तियों ने रविवार रात को हमला कर दिया। हमले में पांच लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रात को रविंद्र खरात भुसावल शहर स्थित समता नगर परिसर में अपने घर के बाहर बैठे थे। तभी दो लोगों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर उनके भाई सुनील बाबू राव खरात बाहर आए। हमलावरों ने उन पर भी गोली चला दी। सुनील खरात जान बचाने के लिए बगल वाले घर में घुस गए, वहां पर भी हमलावर उनका पीछा करते हुए पहुंच गए। हमलावरों ने चाकू से सुनील खरात का गला काट दिया। हमलावरों ने बाद में रविंद्र खरात के दोनों बेटे रोहित और प्रेम सागर के साथ उनके एक दोस्त पर भी चाकू से हमला बोल दिया। तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। हमले के बाद तीनों को तत्काल जलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराने ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना में रविंद्र की पत्नी भी घायल हो गईं जिनका इलाज चल रहा है। घटना में भाजपा के नगर सेवक रविंद्र खरात, भाई सुनील बाबू राव खरात और दोनों बेटे रोहित और प्रेम सागर तथा उनके दोस्त की मौत हो गई। पुलिस ने घटना के बाद तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है।