Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पांच दिन बाद फिरौती देकर डकैतों के चंगुल से छूटा अगवा किसान

 

 

सतना (मप्र)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के दस्यु प्रभावित धारकुंडी थाना इलाके से अगवा हुआ किसान अवधेश द्विवेदी उर्फ ललित मोहन गुरुवार सुबह सुरक्षित घर लौट आया है। बबली कोल डकैत गिरोह ने बीते शनिवार रात घर से किसान का अपहरण किया था। गिरोह ने किसान के परिवार से फिरौती में 50 लाख रुपये की मांग की थी। बताया जा रहा है कि फिरौती की रकम देर रात पहुंचने के बाद डकैत बबुली कोल ने किसान अवधेश द्विवेदी को छोड़ दिया।

चर्चा है कि किसान के परिवार ने डकैत बबली कोल को छह लाख रुपये फिरौती दी है, जिसके बाद किसान डकैतों के चंगुल से मुक्त हो सका। हालांकि पुलिस का दावा है कि दबाव बढ़ने के कारण डकैत गिरोह ने अवधेश को छोड़ा है। अवधेश द्विवेदी गुरुवार तड़के जैसे ही घर पहुंचे उनके परिवार में ख़ुशी की लहर छा गई। शनिवार देर रात को किसान अवधेश के अगवा होने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस हरकत में आ गयी थी। खुद रीवा रेंज के आईजी,डीआईजी और एसपी ने इलाके में ही डेरा डाल दिया था।

सूचना तंत्र हुआ फेल

किसान अपहरण मामले में मध्य प्रदेश पुलिस का सूचना तंत्र पूरी तरह से फेल रहा। जंगलों की खाक छानती मप्र पुलिस हवा में तीर मारती रही। बताया जा रहा है कि किसान के परिजनो का भी पुलिस से भरोसा उठने के बाद फिरौती देकर किसान को छुड़ाया गया। छुट भइया बदमाशों को पकड़कर वाहवाही लूटने वाली सतना पुलिस के एंटी डकैती स्पेशलिस्ट की पोल भी इस मामले में खुल गई। सतना पुलिस बिना होमवर्क किये सबसे कुख्यात इनामी डकैत को पकड़ने में जुटी रही। पुलिस की अलग-अलग टीमें किसान की तलाश में जंगली में उतरी हुईं थीं। लेकिन 100 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी किसान का पता नहीं लगा पाईं। गुरुवार सुबह अचानक किसान अवधेश द्विवेदी अपने घर पहुंच गए।

घर से किया था अगवा

उल्लेखनीय है कि बबली कोल गिरोह ने पिछले शनिवार को किसान अवधेश द्विवेदी को उनके घर से अगवा किया था। डकैतों ने रात दो बजे घर पर धावा बोला और अवधेश के नौकर को बंदूक की नोक पर अपने कब्ज़े में ले लिया। अगवा करने के बाद बबली कोल गिरोह ने परिवार से 50 लाख की फिरौती मांगी थी। गिरोह बार-बार फोन कर घरवालों को फिरौती के लिए धमका रहा था।