Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

फर्रुखाबाद : मछली पकड़ने गए लड़कों के जाल में फंसे दो शक्तिशाली हैंड ग्रेनेड

 

 

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में रविवार को गंगा नदी में मछली पकड़ने गए बच्चों के जाल में दो हैंड ग्रेनेड फंस गए। उन्होंने बड़ी मछली फंसी समझकर जाल को बाहर खींचा तो उसमें दो शक्ति शाली हैंड ग्रेनेड निकले। यह देखकर बच्चे डरकर भाग गए। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से एक दिन पहले गंगा दो हैंड ग्रेनेड मिलने से पुलिस के होश उड़ गए हैं। पुलिस ने हैंड ग्रेनेड अपने कब्जे में ले लिए हैं।

गंगा नदी के पांचाल घाट पर धीमरपूरा के बच्चे आज जाल डालकर मछली पकड़ने गये थे। उन्होंने मछली पकड़ने के लिए जैसे ही जाल डाला तो बड़ी मछली फंसी समझकर जाल बाहर खींचा तो उसमें दो शक्ति शाली हैंड ग्रेनेड निकले। बच्चे ग्रेनेड देख कर भाग गए। पांचाल घाट पर गंगा में ग्रेनेड मिलने की सूचना पर पांचालघाट चौकी इंचार्ज राकेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रेनेड मिलने की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। मौके पर कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी ने पहुंचकर इन हैंड ग्रेनेड को निष्क्रिय कराने के लिए उच्च अधिकारियों को सूचना दी। मछली की जगह जाल में गंगा से निकले ग्रेनेड की खबर पाकर गंगातट पर भारी भीड़ जमा हो गई।

शहर कोतवाल ने बताया कि यह दोनों ग्रेनेड एक पॉलीथिन में बंद थे। बच्चे डर की वजह से भाग गए। उनके नाम का पता लगाया जा रहा है। इतने शक्ति शाली ग्रेनेड गंगा में कहां से आये, इसका भी पता लगाया जा रहा है। दूसरी तरफ कार्तिक पूर्णिमा के स्नान से एक दिन पहले ग्रेनेड मिलना कहीं कोई साजिश तो नहीं है, इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। पांचाल घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले विशाल मेला लगता है।इस मेले में कई प्रदेशों से गंगा भक्त आते हैं।