Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

फिरोजाबाद में डॉक्टर के घर डबल मर्डर का अभियुक्त मुठभेड़ में गिरफ्तार

 

 

फिरोजाबाद। न्यू रसूलपुर क्षेत्र में सास-बहू की हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले एक बदमाश को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त को पैर में गोली लगी है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल है। दोनों को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सहित आलाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की है।

थाना रसूलपुर क्षेत्र के अंतर्गत नया रसूलपुर गली नंबर चार निवासी शिवदेवी गुप्ता (70) पत्नी डॉक्टर वेदप्रकाश गुप्ता और उनकी बहू रानी गुप्ता (25) पत्नी अमित गुप्ता की बदमाशों ने उनके घर में ही गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी के बाद आईजी सहित आलाधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार करने का दावा किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल ने बताया कि शुक्रवार की भोर में लगभग साढ़े चार बजे थाना रसूलपर पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि घटना को अंजाम देने वाला एक अभियुक्त भागने के फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुये बरी चौक के सामने पेमेश्वर गेट थाना रसूलपुर से इस अभियुक्त को पकड़ना चाहा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त दिलीप उर्फ दीपा पुत्र रमेश चंद्र शर्मा निवासी रसूलपुर को टांग में गोली लगने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस टीम का एक सिपाही कन्हैयालाल पुत्र भारत सिंह थाना रसूलपुर भी घायल हुआ है। दोनों को जिला अस्पताल के सरकारी ट्रॉमा सेंटर लाया गया। यहां एसएसपी सचिन्द्र पटेल, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी श्रीमती इंदुप्रभा संग थाना पुलिस भी पहुंच गई। घायल अभियुक्त व पुलिसकर्मी का उपचार चल रहा है।

एसएसपी सचिन्द्र पटेल ने बताया कि अभियुक्त के पास से लूटा हुआ माल, मोटरसाइकिल, तमंचा बरामद हुआ है। घटना को क्यों अंजाम दिया गया इसके लिए अभी पूछताछ की जा रही है।