Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाओं ने किया परेशान

 

 

लखनऊ। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार को धूप निकलने से लोगों को कोहरे व धुंध से राहत मिली। मौसम का मिजाज बदलने के बाद बीते चौबीस घंटों में सूरज को बादलों से आंख मिचौली के बीच बाहर निकलने का मौका मिल रहा है। बुधवार के बाद गुरुवार को तेज धूप खिली। हालांकि सर्द हवाओं का प्रकोप जारी रहा।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश मेंं धूप निकलने के बावजूद सर्द हवाएं चल रही हैं। इस वजह से ठंड का एहसास बना हुआ है। हवाओं की रफ्तार आठ से दस किलोमीटर प्रति घंटा है। ऐसे में गलन के कारण लोगों को दिक्क्त होगी। धूप का असर तेज होने के कारण गलन का असर धीरे-धीरे कम होगा।

अगले चौबीस से अड़तालीस घंटों के दौरान भी इसी तरह हवा चलने की उम्मीद है। हवा की रफ्तार और तेज हो सकती है और ये बारह से तेरह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। इस वजह से धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर बना रहेगा। सुबह और शाम गलन का सामना करना पड़ेगा। हवाओं के तेज होने के कारण धूप का असर भी कम हो सकता है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति बन रही है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य क्षेत्र के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आई है। उत्तरी और मध्य भागों में चल रही उत्तर-पश्चिमी तेज हवाओं के चलते गंगा के मैदानी भागों में कोहरा समाप्त हो गया है। अगले चौबीस घंटों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिम भागों में ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी। हवाओं की रफ्तार बढ़ सकती है, जिससे इन भागों में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ठंड बढ़ने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ सकता है। कोहरे से जरूर लोगों को निजात मिलेगी।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश बंद हो गई है। अब उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। इन ठंडी हवाओं के प्रभाव से पिछले कुछ दिनों के मुकाबले न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है। गुरुवार को देश के मैदानी भागों में सबसे सर्द वाले स्थानों में प्रदेश के दो स्थान भी रहे। इनमें बहराइच में न्यूनतम तापमान 5.8 और नजीबाबाद में 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसके अलावा आगरा का न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री, इलाहाबाद का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री, गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री, झांसी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री, लखनऊ का न्यूनतम तापमान 08 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेरठ का न्यूनतम तापमान 08 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री और वाराणसी का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।