Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दिल्‍ली: अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, 4 करोड़ की हेरोइन के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक गैंग की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक नाइजीरियन व्यक्ति के लिए वे हेरोइन की तस्करी करने का काम करती थी। इनके पास से दो किलो हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब चार करोड़ रुपए है। गुरुवार को पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

दोनों महिलाएं मुख्य आरोपित नाइजीरियन युवक से जेल में मिली थी और फिर उनके लिये काम करने लगी थी। आरोपित महिलाओं की पहचान कैरोलीन फोकसम (56) और मधु (40) के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों उत्तम नगर के मोहन गार्डन में रह रही हैं।

अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि एसआई युद्धवीर सिंह को सूचना मिली थी कि उत्तम नगर में रहने वाले कुछ नाइजीरियन ड्रग तस्करी में लिप्त हैं। वे न केवल दिल्ली बल्कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मुंबई और कोलकाता में अफगानिस्तान से आने वाली हेरोइन की सप्लाई कर रहे हैं।

इस दौरान यह भी पता चला कि उक्त मामले में दो महिला तस्कर हेरोइन की खेप लेकर डिलीवरी करने के लिए पंजाब जा रही हैं। सूचना को पुख्ता कर एसीपी गिरीश कौशिक की देखरेख में पुलिस टीम ने द्वारका मोड़ के पास एक गाड़ी को रोक लिया। तलाशी में महिलाओं के पास से दो किलो हेरोइन बरामद हुई। इसे लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में पता चला कि दोनों महिलाएं परिवार से अलग एक साथ रहती हैं। कैरोलिन नाम की महिला पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वह पहले भी ड्रग्स तस्करी में शामिल रही है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उसे 2013 में गिरफ्तार किया था। जबकि मधु पंजाब की रहने वाली है और 2013 में ठगी के एक मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई थी।

जेल में उनकी मुलाकात हुई और उनके बीच अच्छी दोस्ती हो गई। जेल में ही उनकी मुलाकात नाइजीरियन हेनरी से हुई, जो ड्रग तस्करी के मामले में बंद था। उसने दोनों को अपने साथ मिला लिया। जेल से बाहर आने के बाद तीनों ने मिलकर ड्रग्स की तस्करी का काम शुरू कर दिया।

महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उनकी उम्र देखकर कोई उन पर शक नहीं करता था। इससे वह आसानी से पुलिस को धोखा देकर ड्रग्स की तस्करी कर रही थी। बीते दो साल से वह दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में ड्रग्स की खेप पहुंचा रही थी।

महिलाओं ने यह भी बताया कि उनके नाइजीरियन पार्टनर के पास ड्रग्स पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आता है। उन्हें एक बार जाने के लिए एक लाख रुपये दिए जाते थे। फिलहाल पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।