Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हाल में लाई गई सैन्य भर्ती योजना ‘अग्निपथ’ से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर रक्षा संबंधी संसद की सलाहकार समिति के सदस्यों को देंगे सोमवार को जानकारी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हाल में लाई गई सैन्य भर्ती योजना ‘अग्निपथ’ से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर रक्षा संबंधी संसद की सलाहकार समिति के सदस्यों को सोमवार को जानकारी देंगे। इस समिति में सत्तारूढ और विपक्षी दलों दोनों के सांसद हैं। रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा है कि हाल ही में शुरू की गई योजना के विभिन्न पहलुओं के बारे में समिति के सदस्यों को जानकारी देंगे जिसके जरिए तीनों सेवाओं में सैनिकों की भर्ती की जाएगी।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख और रक्षा सचिव भी शामिल हो सकते हैं। संसदीय मामलों के मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार रक्षा संबंधी इस समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह हैं और इसमें 20 सदस्य हैं, जिसमें 13 लोकसभा से और करीब सात राज्य सभा से हैं। नए भर्ती मॉडल पर सांसदों को यह पहली आधिकारिक ब्रीफिंग होगी। केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में लाई गई अग्निपथ योजना में चार साल के लिए सैनिकों की भर्ती करने का प्रावधान है। इसमें से 25 फीसदी जवानों को स्क्रीनिंग के आधार पर 15 सालों तक सेना में सर्विस करने का मौका मिलेगा। चार साल की सेवा के बाद अग्निवीरों को एकमुश्त रकम दी जाएगी। सरकार की ओर से इस साल 46000 जवानों की भर्ती की जाएगी। इसमें 40 हजार सेना के लिए और 3-3 हजार वायुसेना और नौसेने के लिए भर्ती की जाएगी। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय इसके सदस्य हैं। बता दें कि 14 जून को योजना की घोषणा होने के बाद कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे और विपक्षी दलों ने योजना को वापस लेने की मांग की थी।