Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

प्रेमी जोड़े के शव फांसी पर झूलते मिले

 

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को प्रेमी जोड़े के शव फांसी के फंदे पर झूलते मिले। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है।

शहर कोतवाली के नगला खैरबंद रहने वाली पूजा यादव (18) पुत्री वीरेंद्र सिंह यादव तथा पड़ोसी जिला कन्नौज के थाना सौरिख के ग्राम हुसैनपुर निवासी दिनेश चंद्र मौर्य (28) पुत्र शायम विहारी मौर्य के शव प्रेयसी पूजा यादव के मकान में फांसी के फंदे पर झूलते मिले।

पूजा के पिता ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है। पूजा का पिता वीरेंद्र यादव रेलवे में खलासी पद पर कार्यरत था। वह चार वर्ष पहले रिटायर हो चुका है। उन्होंने रेलवे कॉलोनी के नजदीक ग्राम नगला खैरबंद में मकान बनाया है। उनका क्वार्टर खाली था। यह क्वार्टर नवभारत सभा भवन के पीछे है।

प्रेमी दिनेश चंद्र रेलवे में ट्रैक मैन पद पर कार्यरत था। पूजा व दिनेश चंद का बीते कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पूजा के पास अपने पिता के क्वार्टर की चाभी रहती थी। दोनों इसी क्वार्टर में चोरी-छिपे मिलते थे। शुक्रवार की रात प्रेमी प्रेमिका इसी मकान में रुके। शनिवार को सुबह चार बजे दोनों के शव फांसी के फंदे पर झूलते पाए गए। इस बात की जानकारी मिलने पर पूजा व दिनेश के परिजन रात में ही क्वार्टर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी जीआरपी को दी। जीआरपी ने कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर रेलवे रोड चौकी इंचार्ज राजीव सिंह यादव मौके पर पहुंचे।

चौकी इंचार्ज राजीव सिंह का कहना है कि क्वार्टर के छत के कुंडे में पूजा व दिनेश के शव एक ही रस्सी से लटक रहे थे। नीचे गैस सिलेंडर रखा हुआ था। समझा जाता है कि प्रेमी युगल ने फांसी लगाने के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया होगा। प्रेमी रेलवे कर्मी था। उसका विवाह हो चुका है। पूजा अविवाहित थी। उसके पिता रेलवे कर्मचारी थे। जो रिटायर्ड हो चुके हैं।

शहर कोतवाल संजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जायेगी।