Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

देश की अर्थव्यवस्था वेंटिलेटर पर और रोजगार कोमा में : कांग्रेस

 

 

लखनऊ। अर्थव्यवस्था को मुद्दा कांग्रेस ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जय प्रकाश अग्रवाल ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता कर कहा, मौजूदा दौर में किसी भी देश को उसके आर्थिक धरातल से नापा जाता है। जनता की मूलभूत जरूरत रोटी, कपड़ा और मकान होता है। लेकिन भाजपा सरकारें ऐसा करने में नाकाम साबित हो रही हैं। अग्रवाल ने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा है कि हम आर्थिक विकास की दौड़ में 15 साल पीछे हो गए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, आर्थिक मंदी भाजपा की पहचान बन चुकी है। रोजगार कोमा में है और अर्थव्यवस्था वेंटिलेटर पर है। भाजपा सरकार ने देश का दिवाला निकाल दिया है। देश के ऐसे हालात हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जले पर नमक छिड़क रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने चीन में 15 देशों के साथ जो अनुबंध किया है उससे देश के छोटे व्यापारी खत्म हो जाएंगे। देश के उद्योग धन्धे बंद हो रहे हैं। बिक्री घट रही है। देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। हालत यह है कि ग्रेजुएट और पीएडी धारक युवाओं को भी रोजगार नहीं मिल रहा है। अजय अग्रवाल ने कहा, भारत में कुछ गिनती के ही काॅलेज पीएचडी कराते हैं और पीएचडी जैसी योग्यता बहुत कम लोगों के ही पास है। ऐसे में भी उन्हें नौकरी न मिलना गंभीर बात है।

अग्रवाल ने कहा, मौजूदा वित्तीय वर्ष में जीडीपी और भी नीचे जाने वाली है। यूपीए सरकार में भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश था। लेकिन अब हम 7वें स्थान पर आ गए हैं। भारत में लोगों की औसत बचत दर 34 प्रतिशत से नीचे गिरकर 30 प्रतिशत पर आ गयी है। देश के मेनुफैक्चरिंग सेक्टर में भारी गिरावट दर्ज की गयी है। अगस्त के महीने में रिकार्ड सबसे कम निर्यात किया गया है। कहा कि बैंकों से धोखाधड़ी के मामले बढ़ हैं। भाजपा सरकार में अब तक बैंकों को 1लाख 74 हजार करोड़ रुपए का चूना लग चुका है। पूंजीपतियों को लाभ पहंुचाने के लिए केन्द्र सरकार ने कारपोरेट टैक्स घटा दिया और जीएसटी लागू कर छोटे व्यापारियों को परेशान किया है।

यूपी के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा दें इस्तीफा

कांग्रेस नेताओं ने कहा, भाजपा सरकार आईबीआई में रखे देश के रिजर्व धन को भी नहीं छोड़ रही है। आरबीआई में यह धन आपातकाल के रखा होता है ताकि यह देश के काम आ सके। 1990 के बाद 2019 में पहली बार आरबीआई को अपना गोल्ड रिजर्व बेचना पड़ा।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कांगेेस नेता ने कहा कि यूपीपीसीएल में बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। इसमें ऊर्जा मंत्री की भी भूमिका संदिग्ध है। इसलिए कांग्रेस की मांग है कि ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा इस्तीफा दें। हाल में उत्तर भारतीयों को लेकर केन्द्री मंत्री संतोष गंगवार की टिप्पणी को अशोभनीय बताया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी की भी आलोचना की।

उप्र की कानून व्यवस्था चरमराई

कांग्रेस नेता ने कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था बहुत जर्जर है। नेताओं और व्यापारियों की खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। बदमाश खुले आम घूम रहे हैं। थानों में पीड़ितों की सुनवाई नहीं होती। प्रदेश में किसानों की हालत खराब है। किसानों की भी आर्थिक स्थिति बद से बदतर हो गई है। गन्ना किसानों को उनका बकाया अब तक नहीं मिला है जबकि भाजपा सरकार कई बार वादा कर चुकी है।