Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सीएम योगी ने दी होली की बधाई, कहा गिले-शिकवे दूर कर बड़ी सोच के साथ आगे बढ़ें

 

 

लखनऊ। प्रदेश में होली के मौके पर उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों सहित अन्य नेताओं ने इस मौके पर मंगलवार को प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली के पर्व के मौके पर गोरखपुर में हैं। उन्होंने आज गोरखनाथ मंदिर में पूजन अर्चन भी किया। उन्होंने कहा कि भारत के सशक्तीकरण और हर नागरिक के मिलकर आगे बढ़ने के लिए बधाई। सभी गिले शिकवों को दूर करते हुए एक बड़ी सोच के साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परम्परा को लेकर हम आगे बढ़ सकें। होली का ये पर्व हमें इस बात की प्रेरणा दे रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारे पर्व हमें धर्म, सत्य और न्याय के पथ का अनुसरण करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं और होली शांति, सद्भाव, समता और सौहार्द का महापर्व है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आप सबका जीवन सुख, शांति और समृद्धि के सभी रंगों से परिपूर्ण हो। रंगोत्सव की सभी को अनेकों शुभकामनाएं।

मुख्यमंत्री कोरोना वायरस को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में शामिल नहीं हो रहे हैं। योगी आदित्यनाथ नरसिंह शोभायात्रा का हिस्सा बनते रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह इसमें जरूर शामिल हुए, लेकिन इस बार जनहित में वह इसमें शरीक नहीं हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक होली के सामूहिक आयोजनों में हिस्सा न लेने का निर्णय कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए जनहित में लिया गया है। उन्होंने लोगों से संक्रमण से बचाव को लेकर सजग रहने की अपील की है। वहीं हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गोरखनाथ मंदिर में शाम को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। इसमें योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। हालांकि कार्यक्रम में तिलक लगाने की मनाही है।

वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने होली की बधाई में कहा कि अनेकता में एकता के प्रतीक रंगों का पर्व होली आपको परिजनों समर्थकों सहित मंगलमय हो, भगवान से प्रार्थना करता हूं। समस्त देश व प्रदेश वासियों को स्नेह, सौहार्द एवं समरसता के महापर्व होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि होली के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना हैं कि आप सभी के जीवन में खुशियों के रंग भरे रहें और सभी स्वस्थ रहें,सतर्कता और सावधानी के साथ होली मनाएं।

बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट किया कि होली के पर्व की उत्तर प्रदेश सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनायें। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिम्पल यादव और बेटी की तस्वीर टैग करते हुए ट्वीट किया कि शुभ होली… सुरक्षित होली!

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया कि आप सबको होली की बहुत बहुत शुभकामनाएं।