Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर प्रिकॉशन डोज का विशेष अभियान भारत सरकार द्वारा किया प्रारम्भ

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर प्रिकॉशन डोज का विशेष अभियान भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ किया गया है। 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों को जिन्होंने कम से कम 06 माह या 26 सप्ताह पूर्व वैक्सीन की दूसरी डोज ले ली है, उन्हें अब प्रिकॉशन डोज अमृत डोज के रूप में निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय भारत सरकार ने लिया है। 75 दिनों का यह विशेष अभियान 30 सितम्बर, 2022 तक संचालित किया जायेगा। इस दौरान प्रदेश में 12 करोड़ 08 लाख 21 हजार 597 लोग प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र होंगे। उधर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सिविल अस्पताल में बूस्टर डोज लगवाई और लोगों से समय आने पर बूस्टर डोज लगवाने की अपील की। लखनऊ में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय में निःशुल्क प्रिकॉशन डोज अभियान के शुभारम्भ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश जिस लड़ाई को लड़ रहा है।

वह सफलता की नई ऊंचाई को प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। दुनिया में भारत के कोविड प्रबन्धन को सर्वत्र सराहा गया है। सर्वाधिक कोविड वैक्सीनेशन की डोज देने वाला भारत दुनिया का एक प्रमुख देश है। भारत ने जिस प्रभावी ढंग से देश के 135 करोड़ लोगों को वैक्सीन उपलब्ध करायी है वह दुनिया के लिए बहुत कौतूहल व आश्चर्य का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्री में वैक्सीन, सबको वैक्सीन देश में मिल रही है। उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। भारत सरकार ने चरणबद्ध ढंग से कोविड वैक्सीनेशन का जो कार्यक्रम घोषित किया, उसे उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है। यही कारण है कि अब तक प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 104 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन की प्रथम डोज तथा 98.11 प्रतिशत लोगों ने द्वितीय डोज प्राप्त कर ली है। 15 से 17 आयु वर्ग के शतप्रतिशत किशोर बच्चों ने वैक्सीन की प्रथम डोज ले ली हैं तथा 90 प्रतिशत किशोर वैक्सीन की द्वितीय डोज प्राप्त कर चुके हैं। 12 से 14 आयु वर्ग के 98.3 प्रतिशत बच्चों ने प्रथम डोज तथा 78.3 प्रतिशत बच्चों ने द्वितीय डोज प्राप्त कर ली है।