Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

चंद्रयान-2 की सफलता को कलाकृतियों में उकेरा

 

 

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान के बीएफए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने भारत के चंद्रयान अभियान की सफलता को अपनी कलाकृतियों के रूप में उकेर कर वैज्ञानिकों के प्रयासों को जमकर सराहा। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. देवेश निगम और कला संकाय के अध्यक्ष प्रो. सीबी सिंह ने विद्यार्थियों की कला कृतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी सोच को सकारात्मक और ऊंची रखते हुए सफलता हासिल करें।

ललित कला संस्थान में आयोजित कलाकृतियों की प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. देवेश निगम ने सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की पुरजेर सराहना की। उन्होंने कहा कि कला का संसार बहुत व्यापक है। यदि सभी विद्यार्थी निरंतर अभ्यास करते रहें तो उनकी प्रतिभा में और निखार आएगा। कड़ी मेहनत और अभ्यास के बल पर विद्यार्थी अपना और विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर सकते हैं। करत करत अभ्यास के जड़मति होत सुजान, रसरी आवत जात ते सिल पर पड़त निशान दोहे का जिक्र कर उन्होंने निरंतर अभ्यास के महत्व को रेखांकित किया। कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो सीबी सिंह ने सभी विद्यार्थियों को सुझाव दिया कि आप भविष्य के लिए लक्ष्य तय करें। उसे प्राप्त करने के लिए पूरे मन से मेहनत करें। ऐसे में निश्चित तौर पर सफलता आपका वरण करेगी। जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान के शिक्षक उमेश शुक्ल और राघवेंद्र दीक्षित ने भी चंद्रयान की सफलता का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना की।