Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मात्र 181 वोटों के अंतर से बसपा उम्मीदवार का सपना हुआ चूर-चूर, भाजपा प्रत्याशी ने दर्ज की रोमांचक जीत

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 भले ही खत्म हो गया हो लेकिन अभी भी राजनीतिक पार्टियों के बीच हार और जीत को लेकर मंथन खत्म नहीं हुआ है। एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी में हार के बाद इस्तीफों की लाइन लग गई है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी अपनी आगे की रणनीतियां तय करने में जुट गई है। हालांकि इस चुनाव में कई लोकसभा सीटों पर ऐसे मुकाबले देखने को मिले हैं, जिसने वाकई लोकतंत्र की मजबूती को सार्थक किया है।

इनमें से सबसे बड़ा मुकाबला तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अमेठी लोकसभा सीट का था, जहां पर भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने उन्हें करारी शिकस्त दी और कांग्रेस से उसका गढ़ छीन लिया।

वहीं अब एक और ऐसा ही कांटे का मुकाबला सामना आया है, जहां पर एक बसपा उम्मीदवार को भाजपा प्रत्याशी के हाथों मात्र 181 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। जिसके बाद अब यह मुकाबला देश भर की मीडिया के लिए चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश के मछली शहर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भोलानाथ ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी त्रिभुवन राम को मात्र 181 वोटों के अंतर से पटखनी दे दी है। जिसके बाद अब त्रिभुवन का पांच साल के लिए संसद में बैठने का सपना भी चूर-चूर हो गया।

भोलानाथ को इस सीट पर 488397 वोट मिल हैं, और उनका वोट प्रतिशत 47.19 रहा। जबकि उनके प्रतिद्वंदी त्रिभुवन राम को 47.17 फीसदी वोट मिले और वह भोलानाथ से 181 मतों के अंतर से हार गए। इस सीट पर 2014 में भी भाजपा के राम चरित्र निषाद ने जीत दर्ज की थी।