Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हाथी पर सवार होकर भाजपा विधायक ने उड़ाई कानून की धज्जियां, कार्यक्रम में खुलेआम लहराया हथियार

पटना। भारतीय जनता पार्टी के सासंद भले ही पीएम मोदी की अगुवाई में देश के विकास में लगे हुए हैं लेकिन बिहार में इन दिनों भाजपा विधायकों के सिर सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है। आलम यह है कि बुधवार को जदयू सासंद ने अपनी गाड़ी को रेलवे ट्रैक पर चढ़ाकर कानून तोड़ा था। तो वहीं अब लौरिया से भारतीय जनता पार्टी विधायक विनय बिहारी ने सार्वजनिक रूप से हथियार लहराकर कानून की धज्जियां उड़ाई हैं।

दरअसल, योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र के मच्छरगांवा चौक पर वर्षों से कंस वध कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर विशाल मेला भी लगता है। वहीं गांव में ही भाजपा विधायक का घर भी है। इसलिए उन्होंने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और जमकर भुनाया। विधायक पहले तो हाथी पर सवाल होकर निकले और इस दौरान उन्होंने हाथी पर सवार होकर हथियार भी लहराए।

बताते चलें कि विनय बिहारी विधायक बनने से पहले भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने कई फिल्मों में गाना भी लिखा है और साथ ही अभिनय भी किया है। लेकिन विधायक शायद यह भूल गए कि वो अब हीरो नहीं रहे। कार्यक्रम में दर्शकों की भारी संख्या को देखकर वो खुद को रोक नहीं सके और हाथी पर सवार होकर दोनों हाथों से हथियार लहराने लगे।

इस दौरान उन्होंने नियम कानून की भी परवाह नहीं की और खुलेआम कानून को चुनौती दी। वहीं इस मामले की जानकारी के बाद स्थानीय पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। विधायक विनय बिहारी के लाइसेंसी हथियार को मंगवाया गया है।