Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भाजपा उम्मीदवार नीरज शेखर ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन

 

लखनऊ। पूर्व सांसद व भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज शेखर ने राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को विधान भवन में नामांकन पत्र दाखिल किया

भाजपा विधान मण्डल दल कार्यालय से नीरज शेखर के नामांकन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, महेन्द्र सिंह, विधायक पंकज सिंह व पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य रवि शंकर सिंह और पूर्व सपा विधायक सीपी चंद्र की मौजूदगी भी चर्चा का​ विषय बनी रही।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर बीते दिनों भाजपा में शामिल हुए थे। नीरज शेखर ने अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के देहांत के बाद 2007 में बलिया से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2009 के आम चुनावों में भी वह बलिया से लोकसभा पहुंचे। 2014 के चुनाव में मोदी लहर की वजह से उन्हें हार का का सामना करना पड़ा।

इसके बाद समाजवादी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा, लेकिन पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के कुछ फैसलों से नाराज होकर उन्होंने 15 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी छोड़ते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अब भाजपा नेतृत्व ने उनके इस्तीफे से रिक्त हो रही सीट पर होने वाले उपचुनाव में उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। निर्वाचित होने के बाद शेखर का कार्यकाल नवम्बर 2020 तक रहेगा। राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव 26 अगस्त को होगा। मतगणना भी उसी दिन होगी।