Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

औचक निरीक्षण पर निकले बेसिक शिक्षा मंत्री ने बच्चों को पढ़ाई हिन्दी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश द्विवेदी ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में दो प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को हिन्दी भी पढ़ाई।
बेसिक शिक्षा मंत्री सबसे पहले महानगर के प्राथमिक विद्यालय जियामऊ पहुंचे और वहां निरीक्षण कर बच्चों से उनके पठन-पाठन और मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली। मंत्री ने जब बच्चों से बिना डरे अपनी बात बताने को कहा तो उन्हें जमीनी स्तर की कई जानकारियां मिलीं।

इस दौरान मंत्री ने विद्यालय की उपस्थित पंजिका देखी तो पता चला कि उसमें हस्ताक्षर के बाद एक अध्यापिका अनुपस्थित है। उन्होंने उस अध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद शिक्षा मंत्री महानगर क्षेत्र के ही प्राथमिक विद्यालय लामार्टीनियर पुरवा का औचक निरीक्षण किया। वहां भी उन्होंने बच्चों से बात की। बच्चों से बात करते-करते डॉ सतीश द्विवेदी अध्यापक की भूमिका में आ गए और हिन्दी पढ़ाना शुरू कर दिया।