Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

विवादित टिप्पणी के लिए आज़म खान ने भाजपा सांसद रमा देवी से सदन में मांगी माफी

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए हैं, उन्होंने अभी एक दिन पहले ही सदन में भाजपा सांसद रमा देवी पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद आजम खान की मुश्किलें बढ़ने लगीं थीं। वहीं अब उन्होंने अपनी उस विवादित टिप्पणी के लिए लोकसभा पटल में ही माफी मांग ली है।

सपा सांसद आजम खान ने लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा स्पीकर को संबोधित करते हुए रमा देवी से माफी मांगी और कहा है कि अगर उनके बयान से उन्हें किसी भी तरह की तकलीफ पहुंची है, तो वे माफी मांगते हैं। इतना कहने के बाद आजम खान तो बैठ गए लेकिन मामला अभी शांत नहीं हुआ। इसके बाद भाजपा सांसद सदन में हंगामा करने लगे।

भाजपा सासंदों ने आजम खान के हाव-भाव पर सवाल उठाए। वहीं दूसरी ओर सपा अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने उन्नाव रेप पीड़िता के हादसे का मामला उठा दिया। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस ओर ध्यान देना चाहिए। वहीं भाजपा सांसदों ने अखिलेश यादव की इस टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई, जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ने आजम खान को रमा देवी से दोबारा माफी मांगने के लिए कहा।

वहीं लोकसभा स्पीकर के निर्देश के बाद आजम खान ने भी रमा देवी से माफी मांगी। आजम खान ने कहा कि रमा देवी उनकी बहन की तरह ही हं और अगर उनके बयान से उन्हें तकलीफ हुआ हुई है, तो वह उनसे माफी मांगते हैं। आजम खान ने इस मौके पर यह भी कहा कि सभी लोग उनके आचरण के बारे में जानते हैं।