Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अखिलेश का तंज, बोले बीजेपी बनी ‘भटकाऊ जनता पार्टी’

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए उस पर तंज कसा है।

अखिलेश ने शनिवार रात ट्वीट किया कि नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भाजपा सरकार ‘मिस्ड कॉल’ जैसे अगंभीर माध्यम का प्रयोग करके अपनी हंसी उड़वा रही है। भाजपा विघटनकारी विषयों को उठाकर पुलिस पोस्टिंग जैसे भ्रष्टाचार तथा महंगाई, बेरोज़गारी जैसे असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है। बीजेपी दरअसल ‘भटकाऊ जनता पार्टी’ बन गयी है।

सपा अध्यक्ष ने इससे पहले आज आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां और भाषा जनसामान्य को भयभीत कर रही हैं। बुनियादी समस्याओं के समाधान में उसकी तनिक भी रूचि नहीं है। असहमति की आवाज को कुचलने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। भाजपा लोकतंत्र को धता बताकर मनमानी पर उतर आई है। इसीलिए भाजपा पर जनता का भरोसा नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक तो जनविरोधी काम करती हैं दूसरे लोकतंत्रीय व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में पीछे नहीं रहती है। उन्होंने कहा कि अजीब बात है कि भाजपा नेतृत्व ने ही विद्वत्ता की ठेकेदारी अपने नाम कर ली है। उनका एकमात्र काम अपने हर गलत काम को सही ठहराना है।

भाजपा सीएए, एनपीआर, एनआरसी पर भ्रम फैलाने से बाज नहीं आ रही है। इन सबकी समझ लगता है सिर्फ भाजपा वालों को ही है अन्यथा क्या कारण है कि भारत की 90 प्रतिशत आबादी इनके कुत्सित इरादों से खौफजदा है। कई राज्य सरकारों ने इनके नए कानूनों के प्रति विरोध जता दिया है। जगह-जगह जनता प्रदर्शन-आंदोलन कर रही है।