Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अखिलेश यादव पहुंचे कन्नौज, बोले-आज़मगढ़ और रामपुर में सपा की जीत होगी

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सेना में भर्ती के लिए शुरू हुई अग्निपथ योजना को गलत बताते हुए इसे युवा विरोधी बताया है। आजमगढ़ और रामपुर में हो रहे उपचुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि दोनों सीटें समाजवादी पार्टी भारी मतों से जीतेगी। भाजपा सरकार जाति धर्म को देखकर काम कर रही है। मंगलवार को कन्नौज के छिबरामऊ पहुंचे अखिलेश यादव ने पार्टी के जिला महासचिव रहे राम प्रकाश शाक्य के आवास पर पहुंच कर उनके परिजनों से मुलाकात की। राम प्रकाश शाक्य का पिछले दिनों बीमारी से निधन हो गया था। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

उन्होंने उनकी पत्नी और परिवार के अन्य लोगों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने अग्निपथ योजना को युवाओं के खिलाफ बताया और कहा कि सरकार को चाहिए कि पहले पूर्व सैनिकों को सेवारत करें। इसके बाद युवाओं को दांव पर लगाएं। नूपुर शर्मा के मामले में उन्होंने कहा कि उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष उमेश पाल के मोहल्ला इंदिरा नगर स्थित आवास पर भी गए और उनके परिजनों से भेंट की। इस दौरान पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, पूर्व विधायक अनिल दोहरे, जय तिवारी बउअन समेत काफी संख्या में सपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।