देहरादून। उत्तराखंड में स्थित फूलों की घाटी दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां हर रोज देश-विदेश से हजारों पर्यटक आते हैं। इस साल अब तक इस घाटी को देखने के लिए करीब 10,000 पर्यटक यहां आ चुके हैं। ये अब तक के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। बताया जा रहा है कि घाटी 31 अक्टूबर को पर्यटकों के लिए बंद कर दी जाएगी।
उत्तराखंड के सीमांत चमोली जिले में 87.5 वर्ग किमी क्षेत्रफल में फैली फूलों की घाटी को वर्ष 1982 में राष्ट्रीय पार्क और वर्ष 2005 में यूनेस्को की ओर से विश्व धरोहर घोषित किया गया।
यहां 500 से अधिक प्रजाति के फूलों के साथ ही दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव भी पाए जाते हैं। वर्ष 2013 की आपदा के बाद फूलों की घाटी पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या भी नगण्य रह गई थी। लेकिन इस बार इसमें अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी देखने को मिली।
बता दें कि, कुछ दिनों पहले यहां कुछ विदेशी पर्यटक आपदा की वजह से फस गए थे। जिन्हे बाद में वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया था।