Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

35 तोतों के साथ दो गिरफ्तार

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी। 
जंगली तोतों को पकड़कर बेंचने जैसे बड़े मामले का कोतवाली सदर पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने एक थैले में भरकर ले जाए जा रहे 35 तोतों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह लोग काफी समय से इस कार्य को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेजने के बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी को बुलाकर तोतों को उन्हें सौंप दिया। बाद में वन क्षेत्राधिकारी ने पुलिस के साथ सभी तोतों को उड़ाकर आजाद किया। 
कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि वह दोपहर करीब तीन बजे ओवर ब्रिज के पास हमराही कांस्टेबल पुनीत कुमार व विजय शर्मा गश्त पर थे। ओवर ब्रिज के निकट एक बाइक पर सवार होकर दो लोग रेलवे स्टेशन के पास होकर निकले। उन्हें देखकर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। जब उन्होंने इशारा किया तो रुकने की बजाए वह लोग भागने का प्रयास करने लगे। मामला संदिग्ध मान पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बाइक के पीछे बैठे व्यक्ति के पास मौजूद झोले में 35 जिंदा तोते बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम अनिल पुत्र छंगा लाल निवासी बेलपुरवा थाना फूलबेहड़ व राजपाल पुत्र मान सिंह निवासी इस्माइलपुर थाना राम कोट जिला सीतापुर बताया। उन्होंने यह भी बताया कि वह लोग यहां से 20 रुपए में तोते खरीदते थे और खैराबाद में 35 रुपए में इनकी बिक्री होती थी। यह काम वह लोग बहुत समय से करते आ रहे थे। 
  पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। इसके बाद शारदानगर क्षेत्रीय वन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह को फोन कर मामले से अवगत कराया। वन अधिकारी ने जिला मुख्यालय पहुंचकर सभी तोतों को अपने सुपुर्द किया और फिर उन्हें आसमान में उड़ा दिया। इस कार्रवाई से वन प्रेमियों में खुशी की लहर है। उन्होंने इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखने और वन्य जीवों के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने की मांग की है।