Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

यूपी में ई-पाॅस मशीनों से हर महीने 120 करोड़ की सब्सिडी बचत

 

 

 

लखनऊ। प्रदेश की उचित दर दुकानों में ई-पाॅस मशीन स्थापित कर उनके जरिए आवश्यक वस्तु वितरण कराये जाने की एफपीएस ऑटोमेशन व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है। इसके कारण प्रत्येक महीने औसतन 120 करोड़ से अधिक की सब्सिडी बचत हो रही है।

खाद्य अपर आयुक्त अनिल कुमार दूबे ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश के सभी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र की उचित दर दुकानों में ई-पाॅस स्थापित कर उनके जरिए लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण द्वारा आवश्यक वस्तु वितरण कराया जा रहा है। इसके तहत सभी ट्रांजेक्शन ऑनलाइन होते हैं और सम्बन्धित रिपोर्ट रियल टाइम अपडेट रहती है। नगरीय क्षेत्रों में ई-पाॅस वितरण से प्रत्येक माह औसतन 20 करोड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में औसतन 100 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी बचत हो रही है।

अपर आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के सभी 13.50 करोड़ से अधिक राशन कार्ड लाभार्थियों को सही मूल्य एवं सही मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए वितरण प्रणाली का कम्प्यूटरीकरण किया गया है। इससे व्यवस्था पारदर्शी हुई है। प्रदेश की सभी उचित दर की दुकानों में ई-पाॅस मशीन लगाकर आधार प्रमाणीकरण के जरिए लोगों को खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वर्तमान समय में लगभग 80 हजार से अधिक ई-पाॅस मशीनों के जरिए वितरण कराया जा रहा है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 68,848 तथा शहरी क्षेत्रों में 11,649 ई-पाॅस मशीने स्थापित की गयी हैं।