Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हिंदू समाज का हृदय भगवान राम के साथ धड़कता, मंदिर निर्माण हो: साध्वी

लखनऊ। राम जन्मभूमि विवाद से जुड़े मामले में पेशी के लिए यहां पहुंची साध्वी ऋतंभरा ने शुक्रवार को कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर हिन्दुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि अदालत इस मामले में जल्द न्याय देना चाहिए या फिर सरकार को काई निर्णय लेना चाहिए। साध्वी ने कहा कि प्रतीक्षा की सीमा होती है लेकिन धैर्य की कोई सीमा नहीं होती।

यहां आने पर उन्होंने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि रामजन्मभूमि से संबंधित विषय को लेकर आज मेरी पेशी थी। रामंदिर मामले पर विलंब हिंदू आस्था के साथ मजाक है। हिंदू समाज का हृदय भगवान राम के साथ धड़कता है और हमारे आराध्य भगवान राम टाट के नीचे बैठे हैं। ऋतंभरा ने कहा कि आस्थावान जगत को प्रभावित करने वाला विषय कोर्ट की प्राथमिकता में होना चाहिए। अध्यादेश की मांग संतो ने की है। धर्म संसद ने की है। सरकार निर्णय ले या फिर न्यायालय जल्द न्याय दे। समय पर न्याय न देना भी अन्याय ही है। धैर्य की कोई सीमा नहीं होती लेकिन प्रतीक्षा की सीमा होती है।