Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शादी के नौ माह बाद ही संगीता को मिली मौत

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।
परिवार से बगावत कर प्रेमी के साथ घर बसाने वाली संगीता ने ख्वाब में भी नहीं सोचा होगा कि उसका फैसला उसकी मौत की वजह बन जाएगा। ससुराल से निकलकर मौसी के घर पहुंची संगीता का शव कुछ देर बाद कमरे से लटकता मिला। घटना के हालात साफ इशारा कर रहे हैं कि उसकी हत्या के बाद शव लटकाया गया है। मौसी ने पति पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 
  जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इब्राहिमपुर निवासी मेवा लाल की बेटी संगीता का प्रेम प्रसंग हिदायतनगर निवासी विकास के साथ चल रहा था। लड़की दलित थी जबकि लड़का खत्री। परिवार वाले इस रिश्ते को लेकर राजी नहीं थे पर संगीता और विकास ने फिर भी शादी कर घर बसाने का फैसला कर लिया। जुलाई 2017 में उन्होंने शादी कर ली और संगीता विकास के घर रहने लगी। शुक्रवार की सुबह संगीता अपनी मौसी रेशमा निवासी काशीराम कालोनी गढ़ी रोड के यहां पहुंची थी। करीब चार बजे रेशमा ने पुलिस को खबर दी कि उसकी भांजी संगीता का शव उसके घर में पंखे से लटक रहा है। 
  पता चलते ही उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ इक_ा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस  ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान मौसी ने बताया कि संगीता ने परिवार के खिलाफ जाकर विकास से प्रेम विवाह किया था। रेशमा के मुताबिक  विकास और उसका परिवार शादी के बाद उसे दहेज को लेकर लगातार प्रताडि़त कर रहा था। शुक्रवार की सुबह इसी बात को लेकर विकास ने रेशमा को बुरी तरह मारा-पीटा था। जिसके बाद वह ससुराल से निकलकर उसके घर चली आई। रेशमा ने बताया कि संगीता के घर आने के बाद वह बाजार चली गई थीं। रास्ते में विकास उससे मिला। विकास ने बताया कि उसके पिता नत्थू की मौत हो गई। इसकी जानकारी उसे संगीता को देनी है। रेशमा ने बताया कि जब उसने विकास को बताया कि लड़की घर पर है तो विकास कांशीराम कालोनी आवास की ओर चला गया। मौसी ने विकास पर ही हत्या का आरोप लगाया है। 
  मौके पर मौजूद पुलिस ने भी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने कहा कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। यदि रिपोर्ट में खुदकुशी से इतर मामला नजर आया तो अग्रिम कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

नहीं बंद थे दरवाजे

मौसी व आस-पास के लोगों ने बताया कि कालोनी के आवंटित आवास में दो दरवाजे हैं। एक सामने की ओर खुलता है और एक पीछे की ओर। रेशमा जब लौटकर बाहर आई तो दोनों ही दरवाजे खुले मिले। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यदि हत्या की बात सही है तो हत्यारे ने घटना को अंजाम देने के बाद भागने के लिए पीछे का दरवाजा इस्तेमाल किया होगा। 

इस वजह से हो रही हत्या की आशंका

संगीता की हत्या का शक इसलिए गहरा रहा है क्योंकि फंदे से लटकते समय उसके दोनों पैर जमीन से लग रहे हैं। वहीं सबसे बड़ी बात यह है कि लटकते शव के पास ही एक चारपाई पड़ी है। लोगों के मुताबिक यदि विवाहिता ने फांसी लगाई होती तो छटपटाने पर वह बचने का प्रयास जरूर करती है। ऐसे में पास पड़ी चारपाई पर वह पैर टिका सकती थी।