Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राज्यपाल ने भी की वल्र्ड रिकार्ड मेकर अमन की तारीफ

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।
यूनिक बुक आफ रिकार्ड में विश्व की सबसे लम्बी राखी हो या शहीद-ए-आजम भगत सिंह की सबसे छोटी पोट्रेट इमेज। विश्व स्तर पर चैलेंज देती गुरु गोविंद सिंह साहिब की पजल पेंटिंग हो या पर्यावरण के प्रति जागरुक करती कोल पेटिंग। 16 साल के अमन सिंह गुलाटी की कला किसी को भी हैरत में डाल दे। फिर भी मंजिल अभी दूर है और संघर्ष की कोई इंतिहां ही नहीं। और शायद इसी मंजिल का सफर अमन को खींच ले गया प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक तक। 
  विश्व स्तर पर तीन रिकार्ड अपने नाम कर चुके अमन सिंह गुलाटी ने प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक से मिलने का मन बनाया। पत्राचार हुआ और प्रदेश के राज्यपाल ने अमन को इच्छा को देखते हुए मिलने का समय मुकर्रर कर दिया। पर राज्यपाल से पहली मुलाकात हो और उन्हें कोई भेंट न दी जाए ऐसा हो नहीं सकता था। आखिरकार अमन सिंह गुलाटी ने राज्यपाल जी को कुछ अलग ही भेंट देने का इरादा किया। 20 मार्च को वह राज भवन में पहुंचे। दिए गए समय पर उन्हें उनके परिवार के साथ प्रदेश के राज्यपाल तक ले जाया गया। वहां पहुंचने पर उन्होंने राज्यपाल रामनाईक को उन्हीं की बनाई कैनवस पेटिंग भेंट की। यह पेंटिंग देखने के बाद राज्यपाल अमन की हौसला-अफजाई करने से खुद को रोक नहीं सके। 
  भेंट के दौरान राज्यपाल रामनाईक ने उन्हें भी एक पुस्तक भेंट की। उनकी कला के संबंध में जानकारी ली। अमन ने अपनी आर्ट के जरिए उनके सपनों की किताब उकेरने का अनुरोध किया। राज्यपाल ने भी इस पर हामी भरी। उन्होंने अमन को बाल विकास मंत्री उप्र शासन रीता बहुगुणा जोशी से भेंट करने की राय दी और साथ ही भेंट के लिए एक पत्र भी लिखकर दिया। राज्यपाल से भेंट कर लौटे अमन गुलाटी ने कहा कि उनसे मिलकर और उनके द्वारा दी गई हौसला अफजाई के बाद उत्साह और भी बढ़ गया है। आने वाले समय में मैं प्रदेश सरकार को भी अपनी आर्ट के जरिए कोई न कोई सौगात जरूर भेंट करूंगा। अमन अब कुछ ऐसा ही करने की सोंच रहे हैं और वह क्या करते हैं यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। 

राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए भेजा गया नाम

राज्यपाल के पत्र को लेकर अमन गुलाटी ने बाल विकास मंत्री उप्र शासन रीता बहुगुणा जोशी से भेंट की। श्रीमती जोशी ने अमन के ‘अचीवमेंट पर उन्हें मुबारकबाद दी। साथ ही अमन गुलाटी का नाम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए भी भेज दिया है। ऐसे में अब उम्मीद है कि जल्द ही अमन गुलाटी को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय मंच पर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।