Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मेरी बहन बहुत सक्षम और कर्मठ है वो मेरे साथ काम करेगी: राहुल गांधी

लखनऊ। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे। यहां उन्होंने सपा-बसपा के साथ गठबंधन के संकेत दिए। राहुल ने कहा- अखिलेश-मायावती से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। मैं उनका सम्मान करता हूं। उन्होंने गठबंधन किया है। हम तीनों का लक्ष्य भाजपा को हराना है। प्रियंका गांधी को महासचिव बनाए जाने को लेकर राहुल ने कहा- मुझे काफी खुशी है, मेरी बहन बहुत सक्षम और कर्मठ है। वो मेरे साथ काम करेगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी ऊर्जावान नेता हैं। दोनों को कांग्रेस को मजबूत करने के लिए भेजा है। चुनाव लड़ने पर फैसला खुद प्रियंका लेंगी। हम इन दोनों नेताओं की बदौलत उत्तरप्रदेश की राजनीति को बदल देंगे। इन्हें दो महीने के लिए नहीं भेजा है। मिशन दिया है कि गरीब, कमजोर और विकास की विचारधारा के लिए लड़ना है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- हमें उत्तरप्रदेश में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के लिए लड़ना है। उप्र के युवा, किसान को जो चाहिए, वो कांग्रेस देगी। हमने गुजरात, उप्र समेत कहीं भी बैकफुट पर नहीं खेला। जहां मौका मिलेगा, हम फ्रंट फुट पर खेलेंगे। उप्र में नई सोच आएगी। पॉजीटिव सोच आएगी। हम जनता के लिए राजनीति करते हैं। हम युवा, किसान से कहना चाहते हैं कि आपने बहुत समय भाजपा को दिया है। इन्होंने राज्य को बर्बाद कर दिया है। भाजपा वाले घबराए हुए हैं।

राहुल अमेठी में प्रधानों के साथ संवाद, नुक्कड़ सभा और कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी का दो दिन का रायबरेली दौरा स्वास्थ्य कारणों से निरस्त हो गया। राहुल पहले मां सोनिया के साथ दौरे पर आने वाले थे। 24 जनवरी को राहुल गांधी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से बैठक कर लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सलोन विधानसभा का भ्रमण भी करेंगे। इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगे।